ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट में फंसी बच्ची और महिला, पावर कट होने से रुकी लिफ्ट, 30 मिनट बाद रेस्क्यू
- Shiv Kumar
- 13 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसायटी में लिफ्ट के अंदर महिला और मासूम बच्ची के फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बिजली जाने के बाद लिफ्ट 13वीं और 12वीं मंजिल के बीच अचानक रुक गई। लिफ्ट में मौजूद बच्ची घबराकर रोने लगी, जबकि महिला भी काफी देर तक बाहर निकलने का इंतजार करती रही। करीब 30 मिनट तक दोनों लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। बाद में सोसायटी की रखरखाव टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद सोसायटी के लोगों में नाराजगी है और एक बार फिर लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पावर कट के बाद 13वीं और 12वीं मंजिल के बीच रुकी लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक, मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित हवेलियां वैलेंसिया होम सोसायटी का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में लिफ्ट के अंदर एक महिला और बच्ची को परेशान हालत में देखा जा रहा है। बताया गया कि पावर कट होने के बाद लिफ्ट अचानक रुक गई। उस समय लिफ्ट 13वीं और 12वीं मंजिल के बीच थी। अंदर मौजूद बच्ची डर की वजह से रोने लगी। महिला ने मदद के लिए प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक दोनों लिफ्ट के अंदर ही फंसे रहे। घटना ने वहां रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
इमरजेंसी अलार्म ने भी नहीं दिया साथ, आधे घंटे बाद हुआ रेस्क्यू
सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि लिफ्ट में फंसने के बाद इमरजेंसी अलार्म भी ठीक से काम नहीं आया। ऐसे में अंदर मौजूद महिला और बच्ची के लिए स्थिति और ज्यादा परेशान करने वाली हो गई। करीब आधे घंटे बाद रखरखाव टीम मौके पर पहुंची और लिफ्ट खोलकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि अगर आपात स्थिति में लिफ्ट का अलार्म ही काम न करे तो अंदर फंसे लोगों को मदद कैसे मिलेगी। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए ऐसी स्थिति बेहद डरावनी हो सकती है।
मेंटेनेंस देने के बावजूद सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद सोसायटी के लोगों में गुस्सा है। निवासियों का कहना है कि हर महीने रखरखाव के नाम पर अच्छी-खासी रकम ली जाती है, ऐसे में लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधा की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। सोसायटी की एओए की ओर से बताया गया है कि लिफ्ट बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण रुकी थी और पूरे मामले की दोबारा तकनीकी जांच कराई जाएगी। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद लोगों की चिंता सिर्फ इस घटना तक सीमित नहीं है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में लिफ्ट से जुड़ी घटनाओं के बीच निवासी अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्यादा सतर्क नजर आ रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






