नोएडा में 17 साल के किशोर की मौत, नशा मुक्ति केंद्र में चल रहा था इलाज, पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश

top-news
नोएडा के सेक्टर-108 स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, किशोर नशे का आदी था और पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-108 स्थित रिवीकिंग वेलनेस फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर ने मंगलवार दोपहर बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र के कर्मचारियों ने किशोर को जिला अस्पताल सेक्टर-39 पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-94 स्थित मोर्चरी में रखवा दिया है।


3 जून को नशा मुक्ति केंद्र में कराया गया था भर्ती

मृतक की पहचान लक्ष्य सोलंकी पुत्र प्रवीन सोलंकी, निवासी घी मंडी, पहाड़गंज, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, लक्ष्य स्मैक के नशे का आदी था। नशे की लत छुड़ाने के लिए परिवार ने पहले उसे दिल्ली के नरेला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। कुछ समय बाद वह दोबारा नशे की गिरफ्त में आ गया। इसके बाद परिवार ने 3 जून 2026 को उसे सेक्टर-108 स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था, जहां उसका उपचार चल रहा था।


पहले भी दो बार कर चुका था आत्महत्या का प्रयास

पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि लक्ष्य पहले भी घर पर दो बार फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर चुका था। दोनों घटनाओं में परिवार के सदस्यों की समय रहते नजर पड़ गई थी, जिससे उसकी जान बच गई थी। मंगलवार को नशा मुक्ति केंद्र के बाथरूम में उसने फांसी लगा ली। केंद्र के कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-94 की मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *