ग्रेटर नोएडा में नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, 8.5 किलो पीली धातु और 3 लाख नकद बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 14 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना पुलिस ने टप्पेबाजी और नकली सोने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार पुरुषों और एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, पीली धातु के सिक्के, तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और फिर नकली सोना दिखाकर पैसे ऐंठने या लालच देकर उनकी ज्वैलरी लेकर फरार हो जाते थे। मामले का खुलासा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया।
मां को जाल में फंसाकर ले गए थे सोने की ज्वैलरी
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला के साथ टप्पेबाजी की घटना हुई थी। महिला के पास एक व्यक्ति आकर बैठा और कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। दूसरे व्यक्ति ने कहानी बनाई कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है और वह घर से पैसे लेकर आया है। इसके बाद पहले व्यक्ति ने महिला से कहा कि दोनों मिलकर उसकी मदद करेंगे और पैसे आपस में बांट लेंगे। उसने अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कही और महिला से भी ज्वैलरी देने के लिए कहा। महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के कुंडल दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी उसे गुमराह कर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और सर्विलांस से पकड़ा गया गिरोह
घटना की शिकायत मिलने के बाद बिसरख पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की। 14 अगस्त को पुलिस टीम ने नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नकली सोना दिखाकर और कागजों की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उनसे पैसे या ज्वैलरी लेकर फरार हो जाते थे।
8.5 किलो से ज्यादा पीली धातु और 3 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, जिनका कुल वजन 5 किलो 224 ग्राम बताया गया है, बरामद किए हैं। इसके अलावा 3 किलो 338 ग्राम वजन के पीली धातु के सिक्के, तीन लाख रुपये नकद, अलग-अलग कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल फोन, नौ मोबाइल बैटरियां और छह स्मार्टफोन बरामद किए गए। आरोपी संजू के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है। मामले में थाना बिसरख पर मुकदमा अपराध संख्या 556/26 के तहत धारा 318(3), 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित मामलों और इसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों में किशोर राय (42), विशाल राय (21), संजू राय (30), सेवा राम राय (60) और मीना (56) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी मूल रूप से जैन नगर, थाना उत्तर, जिला फिरोजाबाद के रहने वाले हैं और वर्तमान में युसुफपुर चक, शाहबेरी क्षेत्र में रह रहे थे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






