ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान बदमाश को लगी गोली, साथी भी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और हथियार बरामद
- Shiv Kumar
- 16 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा थाना पुलिस और बदमाशों के बीच रात के समय कार्गो टी-प्वाइंट के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध बाइक सवार दो लोगों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक गिरने के बाद पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बंटी उर्फ मलिंगा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी बबलू को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश
पुलिस के अनुसार, रबूपुरा थाना पुलिस कार्गो टी-प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध पुलिस टीम को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक गिर गई। पुलिस का आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जवाबी फायरिंग में बंटी को लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान बंटी उर्फ मलिंगा निवासी मुरादगढ़ी, थाना रबूपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। घायल बंटी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
कॉम्बिंग के दौरान साथी बबलू गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान बंटी के साथी बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, बबलू भी मुरादगढ़ी का रहने वाला है। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से यामाहा आर15 मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जांच में यह बाइक गुरुग्राम के सुशांत लोक ईस्ट जोन में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित बताई गई है।
रबूपुरा थाने के मुकदमे में भी वांछित थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी रबूपुरा थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस अब दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। बरामद हथियारों, चोरी की बाइक और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






