नोएडा में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 25 लाख की साइबर ठगी, तीन लोगों को वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर फंसाया
- Shiv Kumar
- 18 Aug, 2026
नोएडा में साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार और ट्रेडिंग में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर तीन लोगों को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए पीड़ितों को निवेश योजनाओं में फंसाया। शुरुआत में छोटी रकम लगवाकर उन्हें स्क्रीन पर मुनाफा दिखाया गया, जिसके बाद बड़ी रकम जमा कराई गई। जब पीड़ितों ने अपना पैसा निकालने की कोशिश की तो अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें उलझाया गया। तीनों मामलों में कुल करीब 24.94 लाख रुपये की ठगी सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर 8.64 लाख रुपये ठगे
सेक्टर-26 निवासी नीतीश श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2025 में उनके पास टेलीग्राम पर एक संदेश आया था। इसके जरिए उन्हें निवेश से जुड़े एक समूह में जोड़ा गया। यहां कम समय में ज्यादा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया गया। बातों में आकर नीतीश ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में करीब 20 बार पैसे भेजे। उन्होंने दो अलग-अलग खातों से कुल 8 लाख 64 हजार 410 रुपये ट्रांसफर किए। बाद में न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही मुनाफे के नाम पर दिखाई गई रकम निकाली जा सकी। ठगी का एहसास होने के बाद उन्होंने साइबर अपराध की शिकायत की।
वॉट्सऐप ग्रुप और नकली ऐप से 8.85 लाख की ठगी
सेक्टर-12 निवासी 30 वर्षीय आशीष कुमार भी इसी तरह के जाल में फंस गए। जनवरी 2026 में एक व्यक्ति ने उन्हें वॉट्सऐप पर संदेश भेजा। बातचीत के बाद आरोपी ने दोस्ती बढ़ाई और करीब एक सप्ताह बाद उन्हें शेयर बाजार से जुड़े एक वॉट्सऐप समूह में शामिल कर लिया। इसके बाद उन्हें आईबीआईएन मैक्स नाम का ऐप डाउनलोड कराया गया। ऐप पर निवेश की रकम बढ़ती हुई दिखाई गई, जिससे उन्हें भरोसा हो गया। इसके बाद आशीष ने 21 जनवरी से 2 फरवरी के बीच अलग-अलग खातों में 8 लाख 85 हजार रुपये जमा कर दिए। रकम निकालने पर ठगी का पता चला।
ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 7.44 लाख ऐंठे
गौर सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स निवासी 35 वर्षीय महिला को भी सितंबर 2025 में पहले वॉट्सऐप और फिर टेलीग्राम समूह में जोड़ा गया। वहां ट्रेडिंग के जरिए मुनाफा कमाने का लालच देकर एक वेबसाइट का लिंक भेजा गया। शुरुआत में महिला से पांच हजार रुपये जमा कराए गए और वेबसाइट पर मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद उनसे लगातार ज्यादा रकम लगाने को कहा गया। महिला ने अलग-अलग खातों में कुल 7 लाख 44 हजार 920 रुपये जमा कर दिए। रकम निकालने पर आरोपियों ने बैंक विवरण गलत होने का बहाना बनाया। इसके बाद महिला को ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत की। पुलिस अब खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






