जेवर के आकाश नागर का कुश्ती में दबदबा कायम, छठी बार जीता यूपी केसरी का खिताब, CM योगी ने किया सम्मानित

top-news
जेवर के जमालपुर गांव के पहलवान आकाश नागर ने गोरखपुर में लगातार छठवीं बार यूपी केसरी का खिताब जीत लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित किया और 1 लाख 1 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।

जेवर के जमालपुर गांव के पहलवान आकाश नागर ने कुश्ती के मैदान में एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। गोरखपुर में आयोजित यूपी केसरी दंगल प्रतियोगिता में आकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार छठवीं बार उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब अपने नाम कर लिया। सोमवार शाम करीब 6 बजे हुई प्रतियोगिता में उन्होंने दमदार कुश्ती दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आकाश को सम्मानित किया। उन्हें पुरस्कार के तौर पर 1 लाख 1 हजार रुपये की राशि भी दी गई। इस उपलब्धि के बाद जमालपुर गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


रेलवे में टीटीई की नौकरी के साथ कुश्ती का जुनून

आकाश नागर वर्तमान में रेलवे विभाग में टीटीई के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ वह कुश्ती के अपने जुनून को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। रेलवे की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिताओं में भी वह हिस्सा लेते हैं। कुश्ती के मैदान में आकाश की उपलब्धियां लगातार बढ़ती रही हैं। यूपी केसरी का खिताब लगातार छह बार जीतना उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दिखाता है। इससे पहले भी वह दो बार भारत केसरी का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। उनके प्रदर्शन ने क्षेत्र के युवा पहलवानों के बीच भी उत्साह बढ़ाया है।


आकाश के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत

लगातार छठवीं बार यूपी केसरी बनने की खबर जैसे ही जमालपुर गांव पहुंची, ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे आकाश के गांव पहुंचने पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। इस दौरान गांव के लोगों ने आकाश की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर कुश्ती में अपनी अलग पहचान बनाई है।


पहलवान जयवीर बोले- आकाश ने क्षेत्र का नाम रोशन किया

पहलवान जयवीर नागर ने आकाश नागर की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से जमालपुर गांव के साथ पूरे दनकौर क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। लगातार छह बार यूपी केसरी का खिताब जीतना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि आकाश की सफलता से क्षेत्र के दूसरे युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों को अब आकाश से आगे भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *