यूपी-जापान मीट: यमुना प्राधिकरण को मिला 5000 करोड़ का निवेश, 10 हजार को मिलेगा रोजगार

top-news
दिल्ली में आयोजित यूपी-जापान मीट के दौरान यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को बड़ा औद्योगिक निवेश मिला है। कुबोटा 154 एकड़ में करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैक्टर निर्माण इकाई लगाएगी, जबकि स्पार्क मिंडा जापान की टोयो और डेंसो के साथ मिलकर 22 एकड़ में 2000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी।

नोएडा। उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में आयोजित यूपी-जापान मीट में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को बड़ी सफलता मिली है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान यमुना प्राधिकरण के CEO श्री राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जापान के करीब 200 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के उत्तर प्रदेश दौरे के बीच यमुना प्राधिकरण के YEIDA क्षेत्र में दो बड़ी कंपनियों ने अपनी यूनिट का भूमि पूजन किया है।

कुबोटा लगाएगी ट्रैक्टर निर्माण फैक्ट्री
यमुना प्राधिकरण के CEO के मुताबिक जापान की प्रसिद्ध कंपनी कुबोटा ने 154 एकड़ भूमि पर ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। इस परियोजना के पहले चरण में करीब 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। भूमि पूजन के साथ ही परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

स्पार्क मिंडा का भी बड़ा निवेश
इसी तरह ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र की कंपनी स्पार्क मिंडा ने भी YEIDA क्षेत्र में अपनी यूनिट का भूमि पूजन किया है। कंपनी जापान की टोयो और डेंसो के साथ मिलकर करीब 22 एकड़ भूमि पर यह परियोजना स्थापित कर रही है। इस प्रोजेक्ट में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने की जानकारी दी गई है।

दोनों प्रोजेक्ट से आएगा 5 हजार करोड़ तक निवेश
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कुबोटा और स्पार्क मिंडा की दोनों परियोजनाओं को मिलाकर करीब 4,500 से 5,000 करोड़ रुपये का निवेश यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
इन दोनों परियोजनाओं का एक बड़ा फायदा रोजगार के रूप में देखने को मिलेगा। CEO के अनुसार, दोनों कंपनियों के निवेश से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10,000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमोबाइल से जुड़े उद्योगों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी का ग्लोबल हब बनेगा YEIDA
CEO श्री राकेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में YEIDA क्षेत्र को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां मैन्युफैक्चरिंग के साथ कृषि उत्पाद, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। 

विदेशी कंपनियों के साथ टेक्नोलॉजी टाई-अप पर जोर
उन्होंने कहा कि यमुना प्राधिकरण की कोशिश है कि यहां स्थापित होने वाली कंपनियां विदेशी कंपनियों के साथ टेक्नोलॉजी टाई-अप करें। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे और उन्हें वैश्विक बाजार में निर्यात करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

विकसित भारत 2047 में अहम भूमिका निभाएगा YEIDA
राकेश कुमार सिंह ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यमुना प्राधिकरण का YEIDA क्षेत्र उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, तकनीक, कृषि आधारित उद्योग और निर्यात को बढ़ावा देकर यह क्षेत्र 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *