न्यू नोएडा के लिए जमीन देने वाले किसानों का बढ़ सकता है मुआवजा, 6 प्रतिशत बढ़ोतरी पर तैयारी, सितंबर में होगा अंतिम फैसला
- Shiv Kumar
- 20 Aug, 2026
न्यू नोएडा बसाने के लिए जमीन देने वाले किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। यमुना विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में जमीन अधिग्रहण के मुआवजे में छह फीसदी बढ़ोतरी के बाद अब नोएडा प्राधिकरण भी इसी तर्ज पर दर बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल किसानों को जमीन के बदले 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा दिया जा रहा है। छह फीसदी बढ़ोतरी होने पर यह रकम बढ़कर करीब 4558 रुपये प्रति वर्गमीटर हो जाएगी। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला सितंबर में प्रस्तावित नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में लिया जाएगा। न्यू नोएडा को 80 गांवों की करीब 209 वर्ग किलोमीटर जमीन पर विकसित करने की योजना है। प्राधिकरण किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन लेने की तैयारी में है। ऐसे में मुआवजा दर में बढ़ोतरी से जमीन देने को लेकर किसानों के साथ बातचीत आसान होने की उम्मीद है।
दोनों मुआवजा दरों में बढ़ोतरी की संभावना
मौजूदा नीति के अनुसार, किसानों को जमीन के बदले 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा दिया जाना है। वहीं, सात फीसदी विकसित भूखंड का विकल्प चुनने वाले किसानों के लिए मुआवजे की दर 3800 रुपये प्रति वर्गमीटर तय है। अब इन दोनों दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। प्राधिकरण का मानना है कि मुआवजा दर में बदलाव से किसानों के साथ आपसी सहमति से जमीन लेने की प्रक्रिया को गति मिल सकती है। न्यू नोएडा के लिए बड़ी मात्रा में जमीन की जरूरत है और जमीन मालिकों से बातचीत इस पूरी योजना का अहम हिस्सा है। इसी बीच प्राधिकरण ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों को व्यवस्थित करने का काम भी तेज कर दिया है, ताकि आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न आए।
पहले चरण के 40 गांवों में राजस्व रिकॉर्ड की जांच
न्यू नोएडा बसाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्राधिकरण ने दोनों विशेष कार्य अधिकारियों को जमीन से जुड़े काम की जिम्मेदारी सौंपी है। पहले चरण में शामिल 40 गांवों के राजस्व रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं। दोनों अधिकारियों को 20-20 गांवों की जिम्मेदारी दी गई है। जमीन और उसके मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों का कागजी मिलान भी कराया जा रहा है। इसके लिए पांच लेखपालों की टीम गांवों में जाकर राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पहले चरण में बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक रिकॉर्ड तैयार होने के बाद किसानों से जमीन लेने को लेकर बातचीत शुरू की जाएगी। न्यू नोएडा को चार चरणों में विकसित किया जाना है। पहले चरण में 2023 से 2027 तक 3165 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित करने की योजना है। समयसीमा नजदीक होने के कारण जमीन से जुड़े काम में तेजी लाई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






