ग्रेटर नोएडा में जनसेवा केंद्र से 80 हजार की लूट का खुलासा, 46, 250 रुपये के साथ आरोपी गिरफ्तार, लाइटर पिस्टल बरामद
- Shiv Kumar
- 21 Aug, 2026
सूरजपुर थाना क्षेत्र के मलकपुर गांव में जनसेवा केंद्र से हुई 80 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी ओमकार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूट की रकम में से 46,250 रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई लाईटरनुमा पिस्टल और बिना नंबर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की दोपहर दो नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल से ओम शांति जनसेवा केंद्र पहुंचे थे और हथियार के बल पर वहां मौजूद कर्मचारी को डराकर गल्ले में रखे 80 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
सीसीटीवी और निगरानी से आरोपी तक पहुंची पुलिस
लूट की घटना के बाद पुलिस ने जनसेवा केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के जरिए संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को ओमकार के बारे में सुराग मिला। इसके बाद टीम ने उसे 20 अगस्त को आईटीबीपी के सामने सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट की रकम में से 46,250 रुपये मिले। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाईटरनुमा पिस्टल और बिना नंबर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोनू के साथ मिलकर लूट की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात बताई है।
गल्ले में रखे रुपये देखकर बनाई थी लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में ओमकार ने बताया कि वह घटना से पहले किसी काम से जनसेवा केंद्र गया था। वहां उसने केंद्र के संचालक को गल्ले में रुपये रखते हुए देख लिया था। इसके बाद उसने यह जानकारी अपने साथी मोनू को दी। दोनों ने रुपये लूटने की योजना बनाई। 13 अगस्त को जब जनसेवा केंद्र का मालिक बाहर चला गया और उसका कर्मचारी दुकान पर मौजूद था, तब दोनों मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हेलमेट लगा रखा था और अपनी शर्ट के ऊपर दूसरी शर्ट पहन रखी थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके। इसके बाद लाईटरनुमा पिस्टल दिखाकर कर्मचारी को डराया और गल्ले में रखे 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
60 हजार रुपये रखे, 20 हजार साथी को दिए
आरोपी के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों मलकपुर से आगे होते हुए पुस्ता की तरफ जंगल में चले गए। लूटी गई रकम में से 60 हजार रुपये ओमकार ने अपने पास रखे थे, जबकि 20 हजार रुपये अपने साथी मोनू को दिए थे। पुलिस अब फरार आरोपी मोनू की तलाश कर रही है। गिरफ्तार ओमकार की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है और वह दादरी क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में रहता है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, हथियार और आबकारी अधिनियम से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और साथी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






