नोएडा में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो पनीर कराया नष्ट, 8 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए
- Shiv Kumar
- 24 Aug, 2026
नोएडा। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए गौतमबुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई स्थानों पर छापेमारी कर दूध और उससे बने उत्पादों के नमूने लिए। गढ़ी चौखंडी स्थित शौकीन डेयरी से करीब 300 किलो पनीर बरामद किया गया, जो प्रथम दृष्टया मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुआ। खाद्य अधिकारियों ने पनीर का नमूना लेने के बाद बाकी करीब 300 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया। विभाग के मुताबिक यह पनीर मेवात, हरियाणा से सप्लाई किया गया था। इसके अलावा अलग-अलग डेयरी और मिठाई की दुकानों से पनीर, दही, खोया और बूंदी के लड्डू के कुल आठ नमूने लिए गए हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएनडी के पास सप्लाई किए जा रहे पनीर का भी लिया नमूना
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार 22 अगस्त की रात डीएनडी फ्लाईओवर के पास किलोखरी, बुलंदशहर से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता ने वाहन संख्या DL1LA N 3223 से ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया। विभाग की टीम ने पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए सप्लाई चेन पर भी नजर रखी जा रही है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा की कई डेयरियों से लिए गए सैंपल
23 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। सेक्टर-88 नोएडा मंडी स्थित कासिम पनीर भंडार से पनीर का एक नमूना लिया गया। वहीं तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित आशिफ डेयरी से पनीर और दही के एक-एक नमूने लिए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नॉलेज पार्क-2 स्थित इशिका डेयरी से आशिफ डेयरी को पनीर की सप्लाई की गई थी। वहां से भी पनीर का एक नमूना लिया गया। विभाग की टीमों ने इन सभी नमूनों को निर्धारित मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
मिठाई की दुकान से खोया और बूंदी लड्डू का सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई केवल डेयरी उत्पादों तक सीमित नहीं रही। यथार्थ अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के पास स्थित बीकानेर स्वीट से बूंदी के लड्डू और खोया के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं गढ़ी चौखंडी स्थित शौकीन डेयरी पर जांच के दौरान बड़ी मात्रा में पनीर बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक करीब 300 किलो पनीर प्रथम दृष्टया मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुआ, जिसके बाद उसका नमूना लेने के बाद शेष पनीर को नष्ट करा दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि सभी आठ नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।
त्योहार तक जारी रहेगा जांच अभियान
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए जिले में दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमें लगातार दुकानों, डेयरियों और सप्लाई से जुड़े स्थानों पर जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक आगे भी नमूने लेने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा, ताकि लोगों को त्योहार के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






