आयुष हत्याकांड में 3 नाबालिग हिरासत में, जन्मदिन की पार्टी के बहाने पार्क में बुलाया, मां ने कहा- इंसाफ मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं

top-news
नोएडा के सेक्टर-54 जंगल में 21 अगस्त को मिले शव की पहचान 14 वर्षीय आयुष के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर पैसों के विवाद में उसकी हत्या की गई। मामले में तीन बाल आरोपियों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

नोएडा: “आंटी खाना बनाकर रखना, दो मिनट में आयुष के साथ वापस आता हूं।” 16 अगस्त को आयुष के घर पहुंचे एक किशोर के ये शब्द उसकी मां योगमाया के लिए भरोसे की वजह बने, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि घर से निकला उनका 14 वर्षीय बेटा फिर कभी वापस नहीं आएगा। पांच दिन बाद 21 अगस्त को सेक्टर-54 के जंगल में सड़ी-गली हालत में एक अज्ञात शव मिला, जिसकी मंगलवार को परिजनों ने आयुष के रूप में पहचान की। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आयुष और आरोपी किशोर एक-दूसरे के मित्र थे। आरोप है कि जन्मदिन की पार्टी के बहाने उसे सेक्टर-54 पार्क में बुलाया गया, जहां पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद मुंह दबाकर उसकी हत्या करने और शव जंगल में फेंकने का आरोप है। मामले में पुलिस ने अब तक तीन बाल आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। एक अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


21 अगस्त को मिला था अज्ञात शव

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सेक्टर-54 के जंगल में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। परिजनों का आरोप है कि शव मिलने के बावजूद उन्हें तत्काल इसकी जानकारी नहीं दी गई। परिवार सोमवार शाम पुलिस के पास पहुंचा, जिसके बाद सेक्टर-24 थाना पुलिस ने आयुष की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने अज्ञात शव मिलने की जानकारी देते हुए परिजनों से पहचान कराने को कहा। इसके बाद परिवार ने शव की पहचान आयुष के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, वे लगातार कई दिनों से आयुष की तलाश कर रहे थे। उसकी मां योगमाया हाथ में बेटे की तस्वीर लेकर उसे अलग-अलग जगहों पर खोजती रहीं। बेटे की मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार सदमे में है।


पोस्टमार्टम हाउस के बाहर 50 से ज्यादा लोग

आयुष की मौत के बाद उसकी मां और परिजन सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस के बाहर करीब 20 घंटे तक बैठे रहे। मां योगमाया का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके साथ 50 से ज्यादा लोग मौजूद बताए गए। स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। योगमाया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय का भरोसा नहीं मिलता, तब तक वह बेटे का शव लेकर अंतिम संस्कार नहीं करेंगी। मां ने पुलिस पर भी शव मिलने की सूचना समय पर नहीं देने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से लगातार बातचीत की जा रही है।


‘मेरा बेटा कहां गया?’ बहनों के सवाल से टूटी मां

आयुष अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। भाई की मौत के बाद दोनों बहनें बार-बार मां से आयुष के बारे में पूछ रही हैं। परिवार के मुताबिक, बच्चों की जिम्मेदारी मां योगमाया संभाल रही हैं, जबकि आयुष के पिता पंकज का लखनऊ में इलाज चल रहा है। ऐसे में परिवार के सामने बेटे की मौत की खबर पिता तक पहुंचाने की भी चिंता है। परिजनों को आशंका है कि बेटे की हत्या का सदमा उनकी हालत को और बिगाड़ सकता है। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और मां अपने इकलौते बेटे को खोने के बाद न्याय की मांग कर रही हैं।


पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आयुष और आरोपी बाल अपचारी एक-दूसरे को जानते थे। 16 अगस्त को उसे पार्टी के बहाने पार्क में बुलाया गया था। वहां पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आयुष की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने अब तक तीन बाल आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। एक अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और विवेचना में सामने आने वाले सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


मां की सैलरी से जुड़े मामले में भी कार्रवाई

एडीसीपी ने बताया कि आयुष की मां की सैलरी से जुड़ा एक मामला भी पुलिस के संज्ञान में आया है। इस संबंध में संबंधित विभाग और सीएमओ से बातचीत की गई है। पुलिस के अनुसार, उनकी सैलरी दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा नियमानुसार मिलने वाली सहायता को लेकर भी परिजनों को आश्वासन दिया गया है। सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता के लिए पत्राचार शुरू किया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, घटना में शामिल लोगों और वारदात के बाद की गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *