ग्रेटर नोएडा दुष्कर्म-हत्या मामले में सपा ने बढ़ाया मदद का हाथ, पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता

top-news
ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में सपा ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। सपा नेताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए परिवार को आगे भी मदद का भरोसा दिलाया।

ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवार को एक लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया था। बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सहायता राशि सौंपी। इस दौरान पार्टी नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सपा नेताओं ने कहा कि इतनी कम उम्र की बच्ची के साथ हुई घटना बेहद दुखद है और इससे महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।


सपा जिलाध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हल्दौनी गांव की घटना ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भाटी ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को और गंभीर कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर आवाज उठाते रहे हैं। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए गए थे। सपा नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरत के मुताबिक आगे भी मदद की जाएगी।


जिलाधिकारी से मुलाकात कर अतिरिक्त मदद का आश्वासन

सुधीर भाटी ने बताया कि इस मामले को लेकर वह जिलाधिकारी से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने प्रशासन के सामने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति और उसकी जरूरतों का मुद्दा उठाते हुए अतिरिक्त सहायता दिलाने की मांग की है। भाटी के अनुसार, जिलाधिकारी ने परिवार को और आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। सपा नेताओं का कहना है कि एक लाख रुपये की सहायता पार्टी की ओर से दी गई है, जबकि परिवार को प्रशासन की ओर से मिलने वाली मदद के लिए भी प्रयास जारी हैं। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की प्रक्रिया में उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी।


पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था मुख्य आरोपी

इस मामले का आरोपी बलराज पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, ईकोटेक-3 थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर चाकू बरामद करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बलराज को गोली लगी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर जा रही थी, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। आरोपी की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नोएडा पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी। दो दिन पहले ग्रामीणों ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और उनकी पूरी टीम को सम्मानित भी किया। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की, जिसके लिए वह प्रशंसा की हकदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *