Breaking News

नोएडा में ओवरटेक करना पड़ा भारी, स्कॉर्पियो सवारों ने LLB छात्र पर की फायरिंग, दोनों हाथों में लगी गोली

top-news
नोएडा के इकोटेक-3 क्षेत्र में कार रेस के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने वर्ना कार पर गोली चला दी। फायरिंग में एलएलबी छात्र के दोनों हाथों में गोली लगी। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर स्कॉर्पियो सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी है।

नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की रात कार रेस के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने दूसरी कार पर फायरिंग कर दी। गोली वर्ना कार चला रहे एलएलबी छात्र कृष के दोनों हाथों में लगी और कार में जा धंसी। घटना के बाद आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो से मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। शिकायत मिलने के बाद इकोटेक-3 थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवकों की पहचान करने के लिए मामले की जांच कर रही है।


करीब पांच किलोमीटर तक चली दोनों कारों की रेस

घटना 28 अगस्त की रात की बताई जा रही है। सुनपुरा गांव निवासी कृष अपनी वर्ना कार से 130 मीटर रोड पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट से तिलपता की ओर जा रहा था। गौड़ सिटी मॉल से कुछ आगे उसकी कार के पास काले रंग की एक स्कॉर्पियो पहुंची। इसके बाद दोनों वाहनों के बीच रेस शुरू हो गई। कभी वर्ना आगे निकलती तो कभी स्कॉर्पियो आगे हो जाती। बताया गया कि करीब पांच किलोमीटर तक दोनों कारें इसी तरह एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करती रहीं। रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण उस समय सड़क पर सामान्य दिनों की तुलना में ट्रैफिक कम था।


ओवरटेक करते समय अचानक हुई फायरिंग

बताया गया कि दोनों कारें जब राजेश पायलट गोल चक्कर के पास पहुंचीं तो कृष ने बाईं तरफ से स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो में बैठे युवकों ने कृष की ओर गोली चला दी। फायरिंग में गोली उसके दोनों हाथों में लगी और कार के अंदर जा धंसी। अचानक हुई गोलीबारी से वहां अफरा-तफरी मच गई। गोली चलाने के बाद स्कॉर्पियो सवार युवक अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। कार काले रंग की थी और उसमें कई युवक सवार थे। इसके अलावा कार के शीशों पर ब्लैक जेड फिल्म लगी हुई थी, जिससे अंदर बैठे लोगों को पहचानना मुश्किल था।


अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी

फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कृष को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। छात्र का दो दिन तक अस्पताल में इलाज चला, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। घटना के बाद पीड़ित की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। इकोटेक-3 कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कार सवार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *