Breaking News

नोएडा में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था होगी और स्मार्ट, 76, 366 LED लाइटों का कंट्रोल पैनल से संचालन, एक्सप्रेसवे पर लगेंगी 1, 200 नई लाइटें

top-news
नोएडा प्राधिकरण की 223वीं बोर्ड बैठक में टाटा प्रोजेक्ट्स के स्मार्ट स्ट्रीट लाइट कार्य के समय विस्तार को मंजूरी मिली है। योजना के तहत 1200 नई लाइटें, 2.4 मेगावाट का बैटरी सिस्टम, पांच ईवी बसें और 10 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे।

नोएडा में स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से किए जा रहे स्मार्ट स्ट्रीट लाइट के कार्य के समय विस्तार से जुड़े प्रस्ताव को नोएडा प्राधिकरण की 223वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी दे दी गई है। इसके तहत नोएडा क्षेत्र में टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा पहले से लगाई गई 76,366 एलईडी स्ट्रीट लाइटों के साथ प्राधिकरण की शेष स्ट्रीट लाइटों को भी स्मार्ट कंट्रोल पैनल से संचालित करने की योजना है। इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए 1,200 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। एक्सप्रेसवे को सौर ऊर्जा से संचालित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।


76 हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें स्मार्ट कंट्रोल से जुड़ेंगी

प्राधिकरण के मुताबिक टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से नोएडा क्षेत्र में अब तक 76,366 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। समय विस्तार के तहत इन लाइटों के साथ नोएडा प्राधिकरण की बाकी स्ट्रीट लाइटों को भी स्मार्ट कंट्रोल पैनल से जोड़ने का काम किया जाएगा। इससे स्ट्रीट लाइटों के संचालन और निगरानी की व्यवस्था को बेहतर किया जा सकेगा। स्मार्ट व्यवस्था लागू होने के बाद लाइटों के संचालन को अधिक व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इससे खराब लाइटों की पहचान और उनके संचालन की निगरानी में भी सुविधा होने की उम्मीद है। प्राधिकरण ने इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स के समय विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।


एक्सप्रेसवे पर लगेंगी 1200 नई स्ट्रीट लाइटें

योजना के तहत एक्सप्रेसवे पर रोशनी की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए 1,200 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। यह कार्य लक्स लेवल एनहैंसमेंट के तहत किया जाएगा। इसका उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे को सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत करने की योजना भी प्रस्ताव में शामिल है। इसके लिए 2.4 मेगावाट क्षमता का बैटरी ऊर्जा भंडारण सिस्टम लगाया जाएगा। सौर ऊर्जा से तैयार बिजली को संग्रहित कर जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।


ईवी बसों के लिए 10 चार्जिंग स्टेशन भी बनेंगे

स्मार्ट स्ट्रीट लाइट परियोजना के विस्तार में इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। इसके तहत पांच ईवी बसें और 10 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इससे शहर में इलेक्ट्रिक परिवहन और चार्जिंग सुविधा के विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण के अनुसार टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से प्रस्तावित ये सभी कार्य 30 महीने में पूरे किए जाएंगे। 223वीं बोर्ड बैठक में समय विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के अगले चरण को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। अब स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, एक्सप्रेसवे की प्रकाश व्यवस्था, सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक परिवहन से जुड़े काम निर्धारित अवधि में पूरे किए जाने हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *