इलेक्ट्रिक गोदाम में अचानक लगी आग, नोएडा में फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, लाखों का सामान जलकर राख
- Shiv Kumar
- 08 Sep, 2026
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के होशियारपुर गांव में मंगलवार सुबह इलेक्ट्रॉनिक सामान के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम में फ्रिज और कूलर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामान रखा था, जो जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए कुल 16 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई है। हालांकि, गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलने से भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह साढ़े सात बजे मिली आग की सूचना
जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:25 बजे सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर की गली नंबर-2 में मनीष शर्मा के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। गोदाम में फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। आग की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की स्थानीय टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। उस समय गोदाम से तेज धुआं निकल रहा था और अंदर रखा सामान आग की चपेट में आ चुका था। आग की स्थिति को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। कुल 16 दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
सकरी गली में था गोदाम, आसपास के मकान खाली कराए
अधिकारी के मुताबिक, गोदाम एक सकरी गली में बना था और अंदर से बंद था। आग फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल कर्मचारियों ने आसपास के मकानों को भी खाली कराया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने गोदाम की तीन शीट काटीं और तीन तरफ से अंदर प्रवेश कर आग पर पानी डालना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची और किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
लाखों का सामान जलकर राख, आग की वजह स्पष्ट नहीं
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। इसमें फ्रिज, कूलर और अन्य उपकरण शामिल बताए गए हैं। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। आग बुझाने के बाद टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। फिलहाल हादसे में जनहानि नहीं होने से पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






