New Delhi रेलवे स्टेशन पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, लोगों और कुलियों से की बात, कही ये बड़ी बात

top-news
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को अचानक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे.

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को अचानक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे. यहां पर राहुल ने तकरीबन करीब 50 मिनट समय बिताया. वहीं इस दौरान राहुल प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुलियों और लोगों से बातचीत करके वापस लौट गए. महाकुंभ के समय मची भगदड़ के बाद यह पहला मौका था जब राहुल गांधी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे. हालांकि राहुल ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और लोगों से बातचीत करते ही दिखाई दिए. 

15 फरवरी की रात मची थी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ 

बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी की रात भगदड़ मची थी. इस हादसे में 18 यात्रियों ने अपनी जान गंवा दी थी.  प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर भगदड़ की ये घटना हुई थी. जहां महाकुंभ जाने के लिए भारी संख्या में यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे हुए थे. स्टेशन पर मौजूद भीड़ उस समय बेकाबू हो गई जब प्रयागराज जाने वाली स्पेशल ट्रेन का प्लेटफॉर्म अचानक बदल दिया गया. प्लेटफॉर्म बदलने के कारण सीढ़ियों पर भारी भीड़ जमा हो गई और भगदड़ मच गई. इस घटना में जान गंवाने वालों में 9 महिलाएं, 4 पुरुष और 5 बच्चे भी शामिल थे.

कुली भाइयों ने पेश की इंसानियत की मिसाल 

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट की. जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा कि "अक्सर सबसे अंधकार भरे वक्त में इंसानियत की रोशनी सबसे ज़्यादा चमकती है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के समय कुली भाइयों ने इंसानियत की मिसाल पेश की और कई यात्रियों की जान बचाई, इसके लिए मैंने देशवासियों की ओर से आज उनका धन्यवाद किया लेकिन ऐसे हादसों से सीख लेना ज़रूरी है. उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करके इन्हें रोका जा सकता है. आशा है कि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी, ताकि हर वर्ग के यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें.

स्टेशन पर मची भगदड़ मामल की चल रही जांच

फिलहाल प्लेटफॉर्म पर मची भगदड़ मामले की जांच चल रही है. घटना के अगले ही दिन जान गंवाने वालों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए थे. महाकुंभ के दौरान स्टेशन पर हुई इस घटना को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार का जमकर घेराव किया था. इतना ही नहीं कांग्रेस पार्टी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस्तीफे तक की मांग कर दी थी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *