कहीं मुनाफे का लालच तो कहीं CEO बनने का झांसा, नोएडा में चार लोगों से 45 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज
- Shiv Kumar
- 21 Sep, 2026
नोएडा में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। कहीं कंपनी के सीईओ की फोटो लगाकर वॉट्सऐप पर गिफ्ट वाउचर खरीदने के लिए कहा गया तो कहीं शेयर ट्रेडिंग में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर रकम ट्रांसफर कराई गई। एक मामले में बैंक खातों से लाखों रुपये निकाल लिए गए, जबकि दूसरे में ऑनलाइन धमकी देकर पैसे ऐंठने की शिकायत सामने आई है। चारों मामलों में पीड़ितों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब साइबर टीम मोबाइल नंबर, वॉट्सऐप चैट, बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है।
CEO की फोटो लगाकर 5 लाख रुपये के वाउचर खरीदवाए
सेक्टर-100 स्थित लोटस एस्पेशिया निवासी अनुभव गुप्ता के मुताबिक, 2 अगस्त की शाम उन्हें एक अमेरिकी नंबर से वॉट्सऐप मैसेज आया और मिस्ड कॉल भी की गई। वॉट्सऐप प्रोफाइल पर उनकी कंपनी के सीईओ की फोटो लगी थी। सामने वाले ने खुद को कंपनी का सीईओ बताते हुए एक क्लाइंट के लिए अमेजन से स्टीम वॉलेट रिचार्ज वाउचर खरीदने के लिए कहा। अनुभव ने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए 2500 रुपये के वाउचर खरीदने शुरू किए। इस तरह उन्होंने 20 बार में कुल 5 लाख रुपये के वाउचर खरीद लिए। आरोपी ने वाउचर भेजने के लिए ईमेल आईडी भी दी। बाद में जब और वाउचर खरीदने का दबाव बनाया गया तो उन्हें ठगी का शक हुआ।
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख की ठगी
सेक्टर-23 निवासी 70 वर्षीय महेश नारायण सक्सेना को शेयर ट्रेडिंग में निवेश से मुनाफे का लालच देकर रकम ठगने की शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत के मुताबिक, वॉट्सऐप पर निशा वर्मा नाम की महिला ने उनसे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान एचडीएफसी सिक्योरिटीज में डीमैट अकाउंट खुलवाने की बात कही गई। इसके बाद निवेश के नाम पर उनसे अलग-अलग तरीके से रकम ली गई। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में उनसे करीब 20 लाख रुपये की ठगी की गई।
बैंक खातों से निकाले 7.26 लाख रुपये
तीसरे मामले में कैलाश चंद्र गर्ग के बैंक खातों से 7 लाख 26 हजार 990 रुपये निकाले जाने की शिकायत सामने आई है। उनकी बेटी अंजना टोमचुक ने पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर साइबर थाने में शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, 9 से 14 अप्रैल के बीच ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनके बैंक खातों से रकम निकाल ली गई। पुलिस अब बैंक खातों से हुए लेनदेन और रकम ट्रांसफर होने से जुड़े विवरण की जांच कर रही है।
ऑनलाइन धमकी देकर 27.53 लाख रुपये ट्रांसफर कराने का आरोप
सेक्टर-6 निवासी मोहित मिश्रा ने 27 लाख 53 हजार 683 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की है। उनका आरोप है कि ठगों ने उन्हें ऑनलाइन धमकी दी और नुकसान पहुंचाने का डर दिखाकर रकम ट्रांसफर करा ली। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चारों मामलों में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, वॉट्सऐप चैट, बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






