नोएडा में ट्रेडिंग और ऑनलाइन टास्क के नाम पर 26.93 लाख की साइबर ठगी, तीन मामलों में केस दर्ज

top-news
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रेडिंग, डिमैट अकाउंट और ऑनलाइन टास्क के नाम पर तीन लोगों से 26.93 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर बैंक खातों और आरोपियों से जुड़े विवरण की जांच शुरू कर दी है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों ने ट्रेडिंग, डिमैट अकाउंट और ऑनलाइन टास्क के नाम पर तीन लोगों से करीब 26.93 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोमवार को तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतों के मुताबिक, ठगों ने पहले अलग-अलग तरीकों से पीड़ितों का भरोसा जीता और इसके बाद उनसे बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। जब पीड़ितों ने अपनी जमा रकम वापस लेने की कोशिश की तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क बंद कर दिया।


मेट्रिमोनियल साइट के जरिए संपर्क, डिमैट अकाउंट के नाम पर 7.80 लाख लिए

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-3 निवासी प्रदीप चौहान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शादी के लिए एक मेट्रिमोनियल साइट पर रजिस्ट्रेशन कराया था। इसी दौरान उनकी बातचीत एक महिला से हुई। आरोप है कि महिला ने प्रदीप को डिमैट अकाउंट खुलवाकर ट्रेडिंग करने की सलाह दी और उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। इसके बाद प्रदीप ने 24 सितंबर 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अपने आईसीआईसीआई बैंक खाते से बताए गए अलग-अलग खातों में कुल 7.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी।


ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाने का झांसा देकर 9.50 लाख की ठगी

दूसरा मामला सेक्टर-63 निवासी मनीष कुमार जैन से जुड़ा है। मनीष के मुताबिक, उनके पास नेहा यादव के नाम से कॉल आई थी। बातचीत के दौरान उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के नाम पर निवेश करने के लिए कहा गया। आरोप है कि झांसे में आने के बाद मनीष ने 30 मई 2025 को शुरुआत में तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग खातों में पांच लाख और 1.50 लाख रुपये और जमा कराए गए। इस तरह कुल 9.50 लाख रुपये ट्रांसफर करने के बाद जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर लिया है।


टेलीग्राम पर ऑनलाइन टास्क, छोटे भुगतान से जीता भरोसा

तीसरा मामला गौर सिटी-2 निवासी सृष्टि त्यागी का है। महिला ने बताया कि अनजान लोगों ने टेलीग्राम के जरिए उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने वीडियो लाइक करने, रिव्यू देने और चैनल सब्सक्राइब करने के बदले कमाई का लालच दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे भुगतान करके उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग खातों में रकम जमा कराने के लिए कहा जाने लगा। सृष्टि ने आरोपियों के बताए खातों में कुल 9.63 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें ब्लॉक कर दिया। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और पैसों के लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही ठगी के पूरे नेटवर्क और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *