नोएडा में 95 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी, चार लोग बने शिकार, जमीन खरीद और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब का दिया झांसा

top-news
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने चार लोगों से अलग-अलग तरीकों से 95.69 लाख रुपये ठग लिए। बैंक खाते से रकम निकालने, जमीन दिलाने और टेलीग्राम पर पार्ट टाइम काम व निवेश का झांसा देकर ठगी की गई। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों को निशाना बनाकर करीब 95.69 लाख रुपये की ठगी कर ली। कहीं बैंक खाते से बिना जानकारी रकम दूसरे खाते में भेज दी गई तो कहीं जमीन खरीदने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। एक मामले में टेलीग्राम के जरिए पार्ट टाइम काम और निवेश में मुनाफे का लालच दिया गया। इन घटनाओं में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर साइबर थाने में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब रकम जिन खातों में पहुंची, उनकी जानकारी जुटाने के साथ मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ठगी के ये मामले अलग-अलग समय में हुए थे, लेकिन शिकायतों की जांच के बाद पुलिस ने अब मुकदमे दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।


बैंक खाते से बिना जानकारी 19 लाख रुपये ट्रांसफर

इलाहाबास गांव निवासी सुनील ने शिकायत में बताया कि उनके बैंक खाते से बिना उनकी जानकारी के 19 लाख रुपये निकालकर दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। घटना 15 अक्टूबर 2025 की बताई गई है। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने के बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर रकम के लेनदेन और उससे जुड़े बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते से रकम किस तरीके से निकाली गई और इसे किन खातों में भेजा गया।


जमीन दिलाने का झांसा देकर 55 लाख लिए

ग्रेटर नोएडा निवासी शशांक शेखर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने इंटरनेट पर जमीन से जुड़ा प्रचार किया था। इसी के जरिए उनसे संपर्क कर जमीन दिलाने का भरोसा दिया गया। आरोप है कि 7 नवंबर 2024 से 22 जुलाई 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में उनसे 55 लाख रुपये ले लिए गए। बाद में न तो जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उन लोगों और खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनके जरिए रकम का लेनदेन हुआ।


इंटरनेट बैंकिंग से 15 लाख की अनधिकृत निकासी

सेक्टर-142 निवासी प्रद्युम्न कुमार तोमर ने भी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि 14 नवंबर 2025 को अज्ञात साइबर अपराधियों ने इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से उनके खाते से 15 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी और दूसरे खाते में रकम का स्थानांतरण किया। पीड़ित ने पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। अब साइबर थाना पुलिस बैंक लेनदेन और रकम प्राप्त करने वाले खातों की जानकारी जुटा रही है।


टेलीग्राम पर पार्ट टाइम काम का झांसा, 6.69 लाख ठगे

ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी शर्मिष्ठा बनर्जी ने बताया कि अक्टूबर और नवंबर 2024 में कुछ लोगों ने टेलीग्राम के जरिए उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने उन्हें पार्ट टाइम ऑनलाइन काम के साथ निवेश करने पर मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। शुरुआत में विश्वास में लेने के बाद अलग-अलग कारण बताकर उनसे रकम जमा कराई गई। पीड़िता ने आरोपियों के बताए खातों में करीब 6.69 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें ठगी का पता चला। पुलिस चारों मामलों में लेनदेन की कड़ियां जोड़ने और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *