1003 बसों की जांच, 67 पर कार्रवाई, नोएडा में ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा मानकों को लेकर चलाया विशेष अभियान
- Shiv Kumar
- 30 Sep, 2026
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। 27 से 29 सितंबर 2026 तक चले इस अभियान में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने बसों की सघन जांच की। तीन दिनों के दौरान कुल 1003 बसों को चेक किया गया। जांच में यातायात नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर 67 बसों के चालान किए गए। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ बसों में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था।
बसों में सुरक्षा इंतजामों की हुई जांच
अभियान के दौरान बस चालकों का ड्रंक एंड ड्राइव परीक्षण भी किया गया। इसके अलावा बसों में आपातकालीन द्वार यानी इमरजेंसी एग्जिट, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जांच की गई। यातायात पुलिस ने बसों में लगे पर्दों और ब्लैक फिल्म के साथ फायर सेफ्टी उपकरणों को भी देखा। जिन बसों में सुरक्षा से जुड़ी कमियां या यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।
चालकों और परिचालकों को दिए जरूरी निर्देश
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान बस चालकों और परिचालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने, आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा उपकरणों का सही तरीके से इस्तेमाल करने और वाहन संचालन के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने के बारे में भी उन्हें जानकारी दी गई।
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस के अनुसार भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। इन अभियानों के जरिए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का प्रभावी तरीके से पालन कराने पर जोर रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






