महर्षि यूनिवर्सिटी में ‘हनुमान अंश’ की टीम से मिले स्टूडेंट्स, विशाल और शोभिनाव ने साझा किए शूटिंग के अनुभव
- Shiv Kumar
- 30 Sep, 2026
महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा कैंपस में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम के साथ स्टूडेंट्स के लिए विशेष इंटरैक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फिल्म की टीम ने विद्यार्थियों से फिल्म निर्माण, शूटिंग के दौरान आई चुनौतियों और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में फिल्म के डायरेक्टर और राइटर डॉ. विशाल चतुर्वेदी और लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने स्टूडेंट्स से बातचीत की।
‘द जर्नी बिहाइंड हनुमान अंश’ में फिल्मी सफर पर चर्चा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘द जर्नी बिहाइंड हनुमान अंश’ नाम से आयोजित पैनल डिस्कशन रहा। फिल्म के डायरेक्टर और राइटर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने अपनी फिल्मी यात्रा के बारे में विद्यार्थियों को बताया। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने मेडिकल क्षेत्र से फिल्म निर्माण की ओर कदम बढ़ाया और ‘हनुमान अंश’ की कहानी व फिल्म को तैयार किया। उन्होंने आध्यात्मिक विषय पर फिल्म बनाने की जिम्मेदारी और इस दौरान सामने आई चुनौतियों पर भी चर्चा की।
शोभिनाव सत्या ने साझा किए शूटिंग के अनुभव
फिल्म के लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने भी स्टूडेंट्स के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म में भगवान हनुमान से जुड़े किरदार और दृश्यों को निभाते समय उन्हें अलग तरह का भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव महसूस हुआ। उन्होंने अभिनय की तैयारी से लेकर शूटिंग के दौरान सामने आए कई अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
फिल्म निर्माण में टीमवर्क और अनुशासन पर जोर
पैनल डिस्कशन के दौरान फिल्म निर्माण के अलग-अलग पहलुओं पर भी बातचीत हुई। टीम ने बताया कि अच्छी फिल्म के लिए केवल कैमरे के सामने बेहतर प्रदर्शन करना ही पर्याप्त नहीं है। इसके लिए तैयारी, अनुशासन, टीमवर्क, भावनाओं को समझना और सही समय पर सही निर्णय लेना भी महत्वपूर्ण है। इसके बाद स्टूडेंट्स के लिए विशेष सवाल-जवाब सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अभिनय, निर्देशन, फिल्म इंडस्ट्री में करियर, आध्यात्मिक विषयों पर फिल्म बनाने और मनोरंजन जगत की चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे।
स्टूडेंट्स को मिला फिल्म इंडस्ट्री को समझने का मौका
कार्यक्रम में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने स्टूडेंट्स के सवालों के जवाब अपने अनुभवों के आधार पर दिए। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि फिल्म ने 52 दिनों में दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया है। फिल्म का गीत ‘पार्वती’ भी यूट्यूब के ग्लोबल चार्ट में प्रमुख गीतों में शामिल रहा। यूनिवर्सिटी की ओर से फिल्म की टीम के सदस्यों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। इसके बाद स्टूडेंट्स ने फिल्म के गीतों पर संगीत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में श्री राजीव अरोड़ा, मुख्य वित्त अधिकारी श्री वरुण श्रीवास्तव, डीन एकेडमिक्स, डिप्टी रजिस्ट्रार, सीनियर एडमिन ऑफिसर समेत विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह कार्यक्रम स्टूडेंट्स के लिए फिल्म निर्माण से जुड़े वास्तविक अनुभव जानने और फिल्म इंडस्ट्री को करीब से समझने का अवसर रहा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






