नोएडा में वाटर पाइपलाइन फटने से सड़क पर बहता रहा पानी, स्थानीय लोगों ने की मरम्मत की मांग
- Shiv Kumar
- 30 Sep, 2026
नोएडा के सेक्टर-22 में समर विला स्कूल के पास मंगलवार को पानी की पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन फटते ही तेज दबाव के साथ पानी सड़क पर बहने लगा। कुछ ही देर में सड़क पर पानी का बहाव इतना बढ़ गया कि यहां झरने जैसी स्थिति बन गई। पाइपलाइन से अब तक लाखों लीटर पानी बहने की बात कही जा रही है। तेज बहाव के कारण आसपास की सड़क पर पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का असर आसपास के सेक्टरों में पानी की आपूर्ति पर भी पड़ा है। पानी की बर्बादी को देखते हुए प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया।
मेन सप्लाई बंद कर मरम्मत शुरू
नोएडा प्राधिकरण के जीएम आरपी सिंह ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन फटने के कारण यह समस्या सामने आई है। पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए मेन सप्लाई बंद की गई है, ताकि क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक किया जा सके और पानी का बहाव रोका जा सके। प्राधिकरण की ओर से पाइपलाइन की मरम्मत जल्द पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने करीब दो से तीन घंटे में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। मरम्मत पूरी होने के बाद पानी की आपूर्ति सामान्य किए जाने की उम्मीद है।
पुरानी पाइपलाइन को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पाइपलाइन में लीकेज हुआ है, वह काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। उनका आरोप है कि इस स्थान पर पहले भी कई बार पाइपलाइन फट चुकी है। बार-बार पाइपलाइन टूटने से पानी की बर्बादी के साथ आसपास की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। लोगों ने मांग की है कि केवल तत्काल मरम्मत करने के बजाय पाइपलाइन की स्थायी रूप से मरम्मत या जरूरत के अनुसार उसे बदला जाए। उनका कहना है कि इससे बार-बार होने वाले लीकेज और पानी की बर्बादी को रोका जा सकेगा और आसपास के सेक्टरों में जलापूर्ति भी प्रभावित नहीं होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






