Greator Noida में होली के पर्व को लेकर खाद्य विभाग एक्शन मोड में, खाद्य पदार्थों के लिए नमूने, सीज किया ये सामान
ग्रेटर नोएडा में होली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सतर्क हो गया है।
- Rishabh Chhabra
- 06 Mar, 2025
ग्रेटर नोएडा में होली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सतर्क हो गया है। इसी के अंतर्गत गुरुवार को सहायक आयुक्त ( खाद्य) द्वितीय सर्वेश मिश्रा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में विभाग की विभिन्न टीमों ने सघन छापामार अभियान चलाया। ये अभियान आम जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया गया।
400 किलोग्राम रंगीन कचरी अग्रिम आदेशों तक सीज
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा सेक्टर 83 नोएडा में इसराज खान की न्यू गढ़वाल डेयरी से 1 पनीर एवं 1 फैट स्प्रेड का नमूना लिया गया। सेक्टर 141 में रामेश्वरम राइस मिल प्राइवेट लिमिटेड के मार्ट से एक प्रभास ब्रांड घी का नमूना और एक रंगीन कचरी का नमूना लिया गया। प्रभास ब्रांड घी के 1- 1 लीटर के दो पैकेट ₹700 में बिक्री किए जा रहे थे, इसलिए नमूना संग्रहण के उपरांत संदेह के कारण अवशेष 81 पैकेट अग्रिम आदेशों तक के लिए सीज किए गए। इसी टीम द्वारा सलारपुर भंगेल स्थित काव्या ट्रेडर्स के यहां से मिर्च पाउडर का 1 नमूना लेकर अवशेष लगभग 40 किलोग्राम मिर्च पाउडर और रंगीन कचरी का 1 नमूना लेकर अवशेष लगभग 400 किलोग्राम रंगीन कचरी अग्रिम आदेशों तक के लिए सीज कर दी गई।
पॉम ऑयल के 104 टिन अग्रिम आदेश तक सीज
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह एवं विशाल गुप्ता की टीम द्वारा साइट 5 कासना इंडस्ट्रियल एरिया के जानकी वल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के निर्माण स्थल पर रीका प्राइमर ब्रांड के पॉम ऑयल के 15 किग्रा के 104 टिन बुंगे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित पाए गए, किन्तु फर्म द्वारा कोई खरीद बिल नहीं दिखाया गया। जिस कारण टीम द्वारा पॉम ऑयल का 1 नमूना लेकर पॉम ऑयल के टिन अग्रिम आदेशों तक के लिए सीज कर दिए गए। इसी टीम द्वारा सूरजपुर के अंश की नमकीन की दुकान से नमकीन का एक नमूना लेकर शेष 60 किग्रा सीज की गई।
लगातार जारी रहेगा अभियान- सहायक आयुक्त (खाद्य)
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह और अमर बहादुर सरोज के द्वारा छपरौला पुलिस चौकी के पास में कौशिक इंडस्ट्रीज के यहां से सरसों के तेल का 01 नमूना लेकर शेष 255 किग्रा सरसों का तेल सीज किया गया। इस प्रकार कुल 9 नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य) गौतमबुद्धनगर सर्वेश मिश्रा द्वारा बताया गया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






