न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान, गिल होंगे कप्तान, श्रेयस और सिराज की वापसी
- Shiv Kumar
- 03 Jan, 2026
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयन समिति ने युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी टीम में वापसी हुई है। अय्यर की उपलब्धता बीसीसीआई की मेडिकल टीम से फिटनेस क्लियरेंस मिलने पर निर्भर करेगी। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है, जबकि ईशान किशन को इस बार मौका नहीं मिला है।
जायसवाल बैकअप ओपनर की भूमिका में
टीम में यशस्वी जायसवाल को बैकअप ओपनर के तौर पर शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की थी और तीसरे मुकाबले में नाबाद 116 रन की शानदार पारी खेली थी। चयनकर्ताओं का मानना है कि जायसवाल भविष्य के लिए एक मजबूत विकल्प हैं और जरूरत पड़ने पर वह शीर्ष क्रम में टीम को मजबूती दे सकते हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी से बल्लेबाजी क्रम को अनुभव और स्थिरता मिलेगी, जबकि केएल राहुल और ऋषभ पंत विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे।
मोहम्मद सिराज की वापसी, बुमराह-हार्दिक को आराम
तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज की वापसी अहम मानी जा रही है। उनके साथ अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा को फ्रंटलाइन पेसर के रूप में मौका दिया गया है। ऑलराउंडर के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा और नीतीश कुमार रेड्डी टीम का हिस्सा हैं। वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को इस सीरीज से आराम दिया गया है। वहीं, मोहम्मद शमी को फिटनेस कारणों से एक बार फिर स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है।
11 से 18 जनवरी तक खेले जाएंगे तीन वनडे
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 11 जनवरी से 18 जनवरी तक खेली जाएगी। पहला मुकाबला वडोदरा, दूसरा राजकोट और तीसरा इंदौर में आयोजित होगा। चयन समिति ने संकेत दिए हैं कि आगामी आईसीसी टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के वर्कलोड और फिटनेस पर खास नजर रखी जा रही है। इससे पहले बीसीसीआई टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर चुका है, जिसके पांच मुकाबले 21 से 31 जनवरी के बीच खेले जाएंगे।
भारत की टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल। श्रेयस अय्यर की मौजूदगी फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






