टी-20 वर्ल्डकप खेलने भारत नहीं आएगा बांग्लादेश, बोर्ड ने आईसीसी से की श्रीलंका में खेलने की मांग, मुस्तफिजुर से जुड़ा है मामला

top-news
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत न आने का ऐलान किया है। BCB ने ICC से सभी मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है। फैसला IPL विवाद के बाद लिया गया।

नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश की टीम वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगी। इसके साथ ही BCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से आधिकारिक तौर पर मांग की है कि उसके सभी मुकाबले श्रीलंका में कराए जाएं। यह फैसला ऐसे समय पर सामने आया है, जब हाल ही में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से बाहर किया गया था। अब ICC को तय करना है कि बांग्लादेश के मैच भारत के बजाय श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएंगे या नहीं।


भारत में सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
ESPN क्रिकइन्फो के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। इसी वजह से सरकार से सलाह लेने के बाद यह निर्णय लिया गया कि टीम भारत यात्रा नहीं करेगी। BCB ने इस संबंध में ICC को ई-मेल के जरिए औपचारिक जानकारी दे दी है। यूनुस सरकार में खेल सलाहकार (खेल मंत्री) आसिफ नजरुल ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और बोर्ड का फैसला पूरी तरह सही है। हालांकि, इस फैसले से वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर असर पड़ना तय माना जा रहा है, क्योंकि सभी टीमें, होटल और टिकट पहले से बुक हैं।


मुस्तफिजुर रहमान के IPL से बाहर होने के बाद बदले हालात
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 3 जनवरी को हुई, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया। दरअसल, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हिंसा की घटनाओं के बीच सोशल मीडिया पर मुस्तफिजुर को IPL से बाहर करने की मांग उठी थी। इसके बाद BCCI ने KKR को उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला जरूरी था। इस घटना के बाद ही BCB का रुख और सख्त हो गया और भारत में खेलने को लेकर असहमति खुलकर सामने आ गई।


ग्रुप स्टेज के सभी मैच भारत में थे निर्धारित
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होना है। बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के चारों मुकाबले भारत में ही तय किए गए थे। इनमें तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना था। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। हर टीम चार लीग मैच खेलेगी और टॉप दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। बांग्लादेश का ग्रुप इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों के कारण पहले से ही मुश्किल माना जा रहा है। अब बांग्लादेश के भारत न आने के फैसले से टूर्नामेंट के आयोजन और शेड्यूल पर ICC के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *