तमीम इकबाल को ‘भारत का एजेंट’ कहने पर बांग्लादेश क्रिकेट में भूचाल, खिलाड़ियों ने जताया विरोध
- Shiv Kumar
- 11 Jan, 2026
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के एक वरिष्ठ अधिकारी के बयान ने पूरे बांग्लादेशी क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। BCB की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन और निदेशक नजमुल द्वारा पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को “भारत का एजेंट” बताए जाने के बाद कप्तान नजमुल हसन शांतो, तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद, पूर्व कप्तान मोमिनुल हक और स्पिनर ताइजुल इस्लाम समेत कई दिग्गज क्रिकेटरों ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट बोर्ड के भीतर तक तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
तमीम के बयान के बाद भड़का विवाद
पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब तमीम इकबाल ने BBC को दिए एक इंटरव्यू में टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट टीम को सलाह दी थी। तमीम ने कहा था कि भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने या न लेने का फैसला भावनाओं में बहकर नहीं, बल्कि भविष्य के परिणामों को ध्यान में रखकर करना चाहिए। तमीम के इसी बयान के बाद BCB के निदेशक और फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल ने फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि “इस बार बांग्लादेश के लोगों ने अपनी आंखों से एक भारतीय एजेंट का उदय
होते हुए देखा है।” इस टिप्पणी के सामने आते ही विवाद गहरा गया और क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया।
BCB अध्यक्ष ने झाड़ा पल्ला, मांगा स्पष्टीकरण
मामला बढ़ता देख BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम को सामने आना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि यह बयान संबंधित निदेशक की निजी राय थी और बोर्ड की आधिकारिक सोच नहीं है। अमीनुल इस्लाम ने बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। BCB अध्यक्ष ने यह भी कहा कि तमीम इकबाल ने देश के लिए बहुत कुछ हासिल किया है और सार्वजनिक मंच पर बयान देते समय सभी को शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए था। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आईसीसी से अब तक कोई अंतिम जवाब नहीं मिला है और बांग्लादेश ने अपनी चिंताओं से जुड़े सभी दस्तावेज और सबूत सौंप दिए हैं। भारत के किसी अन्य शहर में मैच शिफ्ट करने से भी चिंताएं दूर नहीं होंगी और यदि श्रीलंका में खेलने की अनुमति नहीं मिली, तो आगे क्या किया जाएगा, इस पर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता।
क्रिकेटरों और BCWA का तीखा विरोध
नजमुल के बयान पर बांग्लादेश टेस्ट टीम के कप्तान नजमुल हसन शांतो ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कोई भी खिलाड़ी, चाहे वह पूर्व कप्तान हो या नहीं, सम्मान का हकदार होता है। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद, पूर्व कप्तान मोमिनुल हक और स्पिनर ताइजुल इस्लाम ने भी इस बयान को अपमानजनक बताया। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (BCWA) ने कहा कि तमीम बांग्लादेश के सबसे सफल ओपनर रहे हैं और 16 वर्षों तक देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। किसी भी क्रिकेटर के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी पूरी क्रिकेटिंग समुदाय के लिए अपमानजनक और अस्वीकार्य है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






