विराट-रोहित-बुमराह की तिकड़ी की होगी वापसी, इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 967 दिन बाद दिखेगा खास नजारा
- Shiv Kumar
- 13 Jul, 2026
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दोनों टीमें पहले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन इस सीरीज की सबसे बड़ी चर्चा भारतीय टीम की उस तिकड़ी को लेकर है, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह करीब 967 दिनों बाद एक साथ वनडे मैच में मैदान पर उतर सकते हैं। तीनों स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम इंडिया की ताकत कई गुना बढ़ गई है और सीरीज का रोमांच भी चरम पर पहुंच गया है।
चोट के कारण पिछली सीरीज से बाहर थे विराट कोहली
जून में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों टीम का हिस्सा थे, लेकिन सीरीज शुरू होने से ठीक पहले चोट के कारण विराट कोहली बाहर हो गए थे। अब इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई को होने वाले पहले वनडे में उनकी वापसी तय मानी जा रही है। कोहली ने अपना आखिरी वनडे 18 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने शानदार 124 रन की शतकीय पारी खेली थी। अगर इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो यह उनके वनडे करियर की 300वीं पारी होगी और वह इस मामले में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बराबरी कर लेंगे।
विश्व कप 2023 फाइनल के बाद पहली बार वनडे खेलेंगे बुमराह
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी लंबे अंतराल के बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे 19 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल में खेला था। इसके बाद से उन्होंने कोई भी वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला। अब इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा। यदि तीनों खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं तो करीब 967 दिनों बाद रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की यह स्टार तिकड़ी एक साथ वनडे क्रिकेट खेलती नजर आएगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






