भारत की महिला टीम ने पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त, 55 रन पर ढेर हुई पाकिस्तानी टीम, आसानी से जीता मुकाबला
- Shiv Kumar
- 06 Sep, 2026
भारतीय महिला टीम ने एशिया कप टी20 में पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में महज 55 रन पर सिमट गई। जवाब में भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 57 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत ने इससे पहले थाईलैंड और हॉन्गकॉन्ग को भी हराया था। इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम ग्रुप चरण में अजेय रही और पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। वहीं पाकिस्तान के लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है और उसे अगले मुकाबले में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा कायम
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप टी20 में अपना शानदार रिकॉर्ड भी बरकरार रखा। दोनों टीमों के बीच अब तक आठ मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने सात बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक मुकाबले में सफलता मिली है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भी भारतीय टीम शुरू से पाकिस्तान पर भारी रही। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उसकी पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। एक समय पहले चार ओवर में बिना विकेट खोए 27 रन बनाने वाली पाकिस्तानी टीम बाद में पूरी तरह बिखर गई।
स्पिनरों के जाल में फंसी पाकिस्तान की बल्लेबाजी
पाकिस्तान की पारी को समेटने में भारतीय स्पिनरों की सबसे बड़ी भूमिका रही। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी और लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। चरणी ने चार ओवर में सिर्फ सात रन दिए, जबकि प्रेमा ने चार ओवर में नौ रन खर्च किए। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में पांच रन देकर दो विकेट लिए और शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली। पाकिस्तान ने पांचवें से 10वें ओवर के बीच केवल नौ रन बनाए और इस दौरान छह विकेट गंवा दिए। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर छह विकेट पर 36 रन था। भारतीय गेंदबाजों ने कुल 78 डॉट गेंदें फेंकीं। पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने 13 और शवाल जुल्फिकार ने 14 रन बनाए, जबकि कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। 55 रन टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान महिला टीम का सबसे कम स्कोर भी है।
तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद हरमनप्रीत-दीप्ति ने संभाला मोर्चा
56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शेफाली वर्मा को 12, प्रतिका रावल को चार और स्मृति मंधाना को नौ रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। भारत ने जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
हरमनप्रीत कौर ने 18 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 18 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा 14 गेंदों में एक चौके के साथ 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने मिलकर भारत को 8.4 ओवर में जीत दिला दी। हरमनप्रीत के लिए यह मुकाबला बतौर कप्तान 150वां टी20 मैच भी था।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






