एशियन गेम्स में भारत की बेटियों ने फिर जीता सोना, श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार बनीं चैंपियन

top-news
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता। भारत ने 216 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका 69 रन पर ऑलआउट हो गया। स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने शानदार बल्लेबाजी की।

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या अब सात हो गई है।


मंधाना और शेफाली ने रखी बड़े स्कोर की नींव
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 79 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि शेफाली ने 48 रन बनाए। शुरुआती ओवरों में दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में रन गति बढ़ाई। ऋचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। भारत ने 216 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 217 रन का लक्ष्य रखा।


भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका ने टेके घुटने
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। श्रीलंका की पूरी पारी 15.4 ओवर में महज 69 रन पर खत्म हो गई। इस तरह भारत ने 147 रन के विशाल अंतर से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार आठवीं जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने 2018 में लगातार सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीते थे। 2024 महिला एशिया कप फाइनल में श्रीलंका से मिली हार के बाद भारत ने इस टीम के खिलाफ लगातार आठ मैच जीते हैं।


दो बड़े फाइनल में श्रीलंका को दी मात
साल 2026 में भारत और श्रीलंका के बीच दो बड़े टूर्नामेंट फाइनल खेले गए और दोनों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की। महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराया था। अब एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक मुकाबले में जीत का अंतर बढ़कर 147 रन हो गया। इससे पहले 2022 एशिया कप फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट और 2023 एशियन गेम्स फाइनल में 19 रन से हराया था। 2024 महिला एशिया कप फाइनल में श्रीलंका ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।


मंधाना का स्कोर श्रीलंका की पूरी टीम से ज्यादा
फाइनल में स्मृति मंधाना ने 79 रन बनाए, जबकि श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 69 रन पर ऑलआउट हुई। यानी मंधाना ने अकेले ही श्रीलंका के कुल स्कोर से 10 रन ज्यादा बनाए। 2026 में भारतीय महिला बल्लेबाजों के लिए यह उपलब्धि कई बार देखने को मिली है। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 124 रन बनाए थे, जबकि विपक्षी टीम 56 रन पर सिमटी थी। शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे और बांग्लादेश 81 रन ही बना सका था। अब श्रीलंका के खिलाफ मंधाना की 79 रन की पारी भी इसी सूची में शामिल हो गई है।


भारत ने अपना सबसे बड़ा टी20 जीत का रिकॉर्ड बनाया
श्रीलंका के खिलाफ 147 रन की जीत भारतीय महिला टीम की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 142 रन का था, जो भारत ने 2018 एशिया कप में मलयेशिया के खिलाफ बनाया था। 2026 में भारत ने हांगकांग को 137 रन और बांग्लादेश को 114 रन से भी हराया। एशियन गेम्स के फाइनल में 147 रन की जीत के साथ भारतीय टीम ने अपना पिछला रिकॉर्ड पांच रन से बेहतर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *