अफगानिस्तान के खिलाफ कल उतरेगी टीम इंडिया, एशियन गेम्स के पहले मुकाबले से पहले खिलाड़ियों ने की प्रैक्टिस

top-news
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने मुकाबले से पहले अभ्यास किया।

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। मुकाबले से एक दिन पहले रविवार को भारतीय टीम ने आइची-नागोया में प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी समेत कई खिलाड़ी ट्रेनिंग करते नजर आए। लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप, ऑलराउंडर शिवम दुबे, विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले की तैयारी की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। भारतीय टीम की कोशिश अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करने की होगी।


महिला टीम जीत चुकी है गोल्ड, अब मेंस टीम पर नजर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में पहले ही गोल्ड मेडल जीत चुकी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब मेंस टीम की नजर भी गोल्ड मेडल पर होगी। अगर भारतीय पुरुष टीम भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहती है, तो एशियन गेम्स के एक ही संस्करण में भारत क्रिकेट के महिला और पुरुष दोनों वर्गों के गोल्ड मेडल अपने नाम कर लेगा। इससे पहले हांगझू एशियन गेम्स में भारतीय मेंस टीम ने ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में गोल्ड जीता था। अफगानिस्तान के खिलाफ उस फाइनल में बारिश के कारण पूरा मुकाबला नहीं हो सका था और भारत को बेहतर सीडिंग के आधार पर चैंपियन घोषित किया गया था। उस टीम के कई खिलाड़ी बाद में भारत की टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा भी बने।


श्रेयस अय्यर के हाथों में कमान, ये है पूरा स्क्वॉड
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। अय्यर की कप्तानी में कोलकाता नाइटराइडर्स IPL चैंपियन बन चुकी है। उनकी कप्तानी में मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी जीती है, जबकि वह दिल्ली कैपिटल्स और 2025 में पंजाब किंग्स को IPL फाइनल तक पहुंचा चुके हैं। भारतीय मेंस स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, विपराज निगम, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *