Bahraich: फिर एक बार औरंगजेब पर छिड़ा सियासी घमासान, सीएम योगी ने आक्रांताओं का जिक्र कर बोल दी ये बड़ी बात

top-news
बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बहराइच में कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी और जनसभा को संबोधित किया।

बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बहराइच में कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए औरंगजेब और सैयद सालार मसूद गाजी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारत में किसी भी आक्रांता का महिमामंडन देशद्रोह को बढ़ावा देने जैसा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जो लोग आक्रांताओं की प्रशंसा करते हैं, वे भारत की संस्कृति और इतिहास के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, "जब पूरी दुनिया भारत की संस्कृति और परंपरा की प्रशंसा कर रही है, तब किसी भी आक्रांता का महिमामंडन नहीं होना चाहिए। स्वतंत्र भारत किसी ऐसे व्यक्ति को स्वीकार नहीं कर सकता, जो भारत के महापुरुषों का अपमान करता हो और उन आक्रांताओं की प्रशंसा करता हो, जिन्होंने हमारी सनातन संस्कृति को कुचलने का प्रयास किया था।"

महाराजा सुहेलदेव का गौरवशाली इतिहास

मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विदेशी आक्रांताओं को पराजित कर भारत की विजय पताका फहराई थी। योगी ने बताया कि बहराइच भारत की ऋषि परंपरा से जुड़ा हुआ जनपद है, जहां कभी महर्षि बालार्क का विश्व प्रसिद्ध आश्रम हुआ करता था।

उन्होंने कहा, "महाराजा सुहेलदेव ने अपने शौर्य और पराक्रम से यह साबित कर दिया था कि भारत की भूमि पर किसी भी विदेशी आक्रांता को टिकने नहीं दिया जाएगा। उनके वीरतापूर्ण संघर्ष का परिणाम यह था कि अगले 150 वर्षों तक कोई विदेशी आक्रांता भारत पर हमला करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।"

बहराइच को मिलेगी नई पहचान, विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच में मिहीपुरवा तहसील भवन का उद्घाटन किया और जिले में नए बाईपास को स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही महाराजा सुहेलदेव स्मारक का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस बाईपास के निर्माण से लखनऊ से बहराइच का सफर सिर्फ एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और लोग आसानी से महाराजा सुहेलदेव स्मारक सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले केवल घोषणाएं होती थीं, लेकिन आज के नए भारत में विकास कार्य धरातल पर भी दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमें अपनी वीर गाथाओं को संजोकर रखना है और आने वाली पीढ़ी को यह बताना है कि हमारे पूर्वजों ने देश और संस्कृति की रक्षा के लिए कितनी बड़ी कुर्बानियां दी थीं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *