Aligarh में चल रहा था असली-नकली नोटों का खेल, 20 लाख के बदले देते थे 1 करोड़ के नकली नोट; मुखबिर की सूचना पर खुलासा!
अलीगढ़ पुलिस ने नकली नोटों और गांजे की तस्करी करने वाले चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
- Rishabh Chhabra
- 22 Mar, 2025
अलीगढ़ पुलिस ने नकली नोटों और गांजे की तस्करी करने वाले चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से ढाई करोड़ रुपये के नकली नोट, 6 किलो गांजा और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। यह गिरोह दिल्ली से नकली नोट लाकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इस गैंग को धर दबोचा।
20 लाख के बदले देते थे 1 करोड़ के नकली नोट
गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे दिल्ली से जाली नोट लाते थे और लालच देकर लोगों को ठगते थे। वे वीडियो कॉल के जरिए नोटों का ढेर दिखाकर शिकार को विश्वास में लेते और फिर 20 लाख रुपये के असली नोट लेकर बदले में 1 करोड़ रुपये के नकली नोट थमा देते थे। जब तक ठगी का शिकार व्यक्ति असली-नकली की पहचान करता, तब तक ये फरार हो जाते थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
सीओ छर्रा महेश कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बदायूं से कुछ लोग नकली नोटों की तस्करी के लिए अलीगढ़ आ रहे हैं। पुलिस ने गंगीरी इलाके में वाहन चेकिंग शुरू की। जब पुलिस ने आरोपियों की कार को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
6 किलो गांजा और अवैध हथियार भी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 6 किलो गांजा भी बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा, पुलिस को इनके पास से एक अवैध तमंचा भी मिला है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह अलीगढ़ सहित अन्य जिलों में भी सक्रिय था। इन सभी आरोपियों पर पहले से ही संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। गिरोह के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस गैंग से जुड़े और अपराधियों की गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






