Bijnor: जूता चुराई की रस्म में हुआ बवाल, दूल्हे को कहा ‘भिखारी’, बिना दुल्हन के लौटी बारात
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक शादी उस समय विवादों में घिर गई जब जूता चुराई की रस्म के दौरान दूल्हे और दुल्हन पक्ष में तीखी बहस हो गई.
- Rishabh Chhabra
- 07 Apr, 2025
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक शादी उस समय विवादों में घिर गई जब जूता चुराई की रस्म के दौरान दूल्हे और दुल्हन पक्ष में तीखी बहस हो गई. दुल्हन अपने सजे-धजे जोड़े में दूल्हे का इंतजार कर रही थी, बारात धूमधाम से पहुंची और स्वागत भी शानदार हुआ, लेकिन थोड़ी ही देर में माहौल पूरी तरह बदल गया.
जूता चुराई में 50 हजार की डिमांड, दूल्हा बोला- सिर्फ 5 हजार
निकाह की रस्म और मेहर के बाद बारी आई मजेदार जूता चुराई की रस्म की. दुल्हन की बहनों ने दूल्हे के जूते चुराकर 50 हजार रुपये की मांग रख दी. लेकिन दूल्हे राजा साबिर ने कहा कि वह सिर्फ 5 हजार रुपये ही देंगे. इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
‘भिखारी’ शब्द बना विवाद की जड़
सालियों की जिद और दूल्हे की जिद के बीच अचानक दुल्हन की एक बहन ने दूल्हे को ‘भिखारी’ कह दिया. यही बात दूल्हा और बारातियों को बहुत बुरी लगी. जवाब में दूल्हा पक्ष ने भी दुल्हन के गहनों पर तंज कस दिया, जिससे मामला और भड़क गया.
बारात को बनाया बंधक, मारपीट भी हुई
घटना इतनी बढ़ गई कि दुल्हन पक्ष ने गुस्से में आकर दूल्हे और बारातियों को घर में ही बंधक बना लिया. इसके बाद मारपीट की खबर भी सामने आई. घायल दूल्हे ने पुलिस को फोन कर पूरी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया.
थाने पहुंचा मामला, दूल्हा बोला- बदनामी होगी, दुल्हन साथ भेज दो
पुलिस ने दोनों पक्षों को नजीबाबाद थाने बुलाया और बातचीत के जरिए सुलह की कोशिश की. दूल्हे ने थाने में सबके सामने हाथ जोड़कर कहा कि वह अब भी दुल्हन को साथ ले जाने को तैयार है, लेकिन दुल्हन का भाई इस रिश्ते से पूरी तरह इनकार करता रहा.
थाने में पैर पकड़ गिड़गिड़ाया दूल्हा, फिर भी नहीं हुई शादी
थाने में दूल्हा ससुरालियों के पैर पकड़ता रहा, बार-बार समझाने की कोशिश की कि बिना दुल्हन के लौटना उसकी बदनामी होगी. लेकिन दुल्हन का भाई टस से मस नहीं हुआ. आखिर में बात केवल लेन-देन के समझौते तक सिमट गई और शादी टूट गई.
बिना दुल्हन लौटी बारात, सोशल मीडिया पर बना मजाक
देर रात बिना दुल्हन के दूल्हा साबिर देहरादून लौट गया. शादी की रस्में पूरी होने के बावजूद, एक मामूली रस्म में हुई नोकझोंक ने रिश्ता तोड़ दिया. यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






