Kanpur में लव मैरिज का विरोध करने में कलयुगी बेटे का 'कांड', मां को उतारा मौत के घाट
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया।
- Rishabh Chhabra
- 17 Apr, 2025
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। एक बेटे ने सिर्फ इसलिए अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि वह उसकी लव मैरिज के खिलाफ थी। आरोपी बेटे की प्रेमिका के घरवाले शादी के लिए संपत्ति ट्रांसफर की शर्त रखे हुए थे, लेकिन मां इसके लिए राजी नहीं थी। इसी बात पर झगड़े के दौरान बेटे ने मां को चाकू से गोदकर मार डाला।
घटना कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान प्रमिला सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा राजा सिंह है, जो मूल रूप से फतेहपुर का रहने वाला है। राजा की बहन प्रीतो ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और उसकी मां और भाई फतेहपुर में रहते थे। हाल ही में मां इलाज के लिए कानपुर आई थीं और प्रीतो के ससुराल में ठहरी थीं।
बार-बार कर रहा था फोन, मां के मना करने पर खुद पहुंच गया
प्रीतो के मुताबिक, उसका भाई राजा मां को वापस फतेहपुर ले जाना चाहता था और इसके लिए लगातार फोन कर रहा था। लेकिन मां इसके लिए तैयार नहीं थीं। आखिरकार राजा खुद ही कानपुर पहुंच गया और मां से झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने मां को चाकू से गोद दिया। प्रमिला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रेमिका की शर्त: पहले जमीन-घर अपने नाम करवाओ
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि राजा की किसी लड़की से प्रेम संबंध थे। लड़की के परिजनों ने स्पष्ट कह दिया था कि जब तक राजा के नाम पर घर और जमीन नहीं होती, वे शादी के लिए राजी नहीं होंगे। इसी कारण राजा अपनी मां पर संपत्ति ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था। लेकिन मां प्रमिला इसके लिए कतई तैयार नहीं थीं। उन्होंने साफ कह दिया था कि अगर वह उसी लड़की से शादी करेगा तो संपत्ति नहीं देगी।
हत्या के बाद खुद पुलिस को दी सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद राजा खुद ही शांत बैठा रहा और पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहीं मौजूद मिला। पूछताछ में उसने अपना गुनाह भी कबूल लिया है। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
जांच जारी, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पूछताछ का दायरा भी बढ़ाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रेमिका और उसके परिवार की इसमें कोई संलिप्तता तो नहीं है।
इस घटना ने न केवल एक मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित किया, बल्कि यह भी दिखाया कि आज के समय में कुछ लोग प्यार के नाम पर कितनी हदें पार कर सकते हैं। कलयुगी बेटे की यह करतूत समाज को झकझोर देने वाली है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






