लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में 14 स्टूडेंट्स की मौत, बचने के लिए बाथरूम में छिपे थे बच्चे, दम घुटने से गई जान, अलीगढ़ में CM योगी ने बीच में रोकी जनसभा

top-news
लखनऊ के अलीगंज में दो मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। कोचिंग सेंटर में कई छात्र फंस गए। दमकल और रेस्क्यू टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे एक दो मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गए। कुछ ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग से छलांग भी लगाई, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गए।


धुएं से दम घुटा, बाथरूम में छिपे रह गए छात्र

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही पूरे भवन में तेजी से धुआं भर गया, जिससे लोग बाहर निकल ही नहीं पाए। दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में मौजूद कई छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, लेकिन वहां भी धुआं भरने से स्थिति और बिगड़ गई। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहले फ्लोर से छलांग लगाई, लेकिन वह नीचे ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बिल्डिंग में मौजूद लोग कुछ ही मिनटों में धुएं के कारण बेहोश होने लगे और बाहर निकलने के रास्ते बंद हो गए।


रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, शवों को निकालने में जुटी टीमें

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। साथ ही SDRF और NDRF की टीमें भी रेस्क्यू में शामिल हो गईं। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है और पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकाला जा रहा है। अब तक कई शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि एम्बुलेंस की कमी को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियां मंगाई गई हैं। अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और घायलों का इलाज जारी है।


बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका, जांच के आदेश

जानकारी के अनुसार आग लगने की शुरुआत बेसमेंट में लगी एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट से होने की आशंका जताई जा रही है। इसी इमारत में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर कोचिंग सेंटर और स्टूडियो संचालित हो रहा था। धुएं के कारण सबसे ज्यादा नुकसान कोचिंग में मौजूद छात्रों को हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए तुरंत लखनऊ लौटने का फैसला लिया है और उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *