योगी सरकार के दावों पर सवाल? राजधानी में घंटों गुल रही बिजली

top-news
भीषण गर्मी में पावर कट का प्रहार! राजधानी के हजारों उपभोक्ता परेशान, सरकार के दावों पर सवाल?

राजधानी लखनऊ में बिजली व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई। अलग-अलग उपकेंद्रों में तकनीकी खराबी आने के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। हजरतगंज, हलवासिया मार्केट, नीवा, वीरनगर, निरालानगर, राणा प्रताप मार्ग और सरस्वतीपुरम समेत कई क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को गर्मी के बीच भारी परेशानी झेलनी पड़ी। विभाग के अनुसार, फीडर में आए फॉल्ट के चलते यह स्थिति बनी।

11 केवी फीडर में फॉल्ट बना संकट की वजह

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हनुमान सेतु उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी फीडर में तकनीकी खराबी आने के बाद हलवासिया मार्केट और आसपास के क्षेत्रों की बिजली करीब एक घंटे तक बंद रही। वहीं हुसैनगंज उपकेंद्र से जुड़े वीरनगर इलाके में भी लगभग 40 मिनट तक आपूर्ति प्रभावित रही। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉल्ट को दूर किया और बिजली आपूर्ति बहाल की।

कई उपकेंद्रों से प्रभावित हुई सप्लाई

जवाहर भवन, निरालानगर और उतरेठिया उपकेंद्रों से जुड़े वाईएमसीए, एलडीए फीडर, राणा प्रताप मार्ग और सरस्वतीपुरम सहित कई इलाकों में भी लगभग एक घंटे तक बिजली गुल रही। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग फीडरों में आई तकनीकी खराबियों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सभी क्षेत्रों में धीरे-धीरे सप्लाई सामान्य कर दी गई।

गर्मी में लोगों की बढ़ी मुश्किलें

बिजली कटौती के कारण लोगों को इनवर्टर डिस्चार्ज होने, पानी की टंकियां खाली होने और पेयजल संकट जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से घरों के साथ-साथ बाजारों और छोटे कारोबारियों की गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। उपभोक्ताओं ने बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है।

विभाग ने सुधार कार्य तेज करने का दिया भरोसा

बिजली विभाग का कहना है कि फॉल्ट की सूचना मिलते ही तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा गया और खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी गई। विभाग ने बताया कि मानसून और बढ़ते लोड को देखते हुए सभी उपकेंद्रों की निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं को कम किया जा सके। साथ ही जहां मरम्मत कार्य प्रस्तावित है, वहां निर्धारित समय पर बिजली बंद रहने की सूचना पहले से जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *