Hijab में छात्राओं को परीक्षा केंद्र में एंट्री ना दिए जाने पर मचा बवाल, छात्राओं ने स्कूल मैनेजमेंट पर आरोप, डीआईओएस ने दिए ये निर्देश
मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र से बोर्ड परीक्षा के दौरान हिजाब में छात्रा को स्कूल में एंट्री ना दिए जाने का मामला सामने आया है.
- Rishabh Chhabra
- 25 Feb, 2025
मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र से बोर्ड परीक्षा के दौरान हिजाब में छात्रा को स्कूल में एंट्री ना दिए जाने का मामला सामने आया है. ये मामला इस्लामनगर चौराहे के वाईपीएन इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है. जहां पर कुछ छात्राएं बुरखे में दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं देने पहुंची थीं, जिस पर छात्राओं को कॉलेज के बाहर ही रोक दिया.
छात्राओं ने बिना हिजाब एंट्री ना करने की कही बात
वहीं छात्राओं ने आरोप लगाते हुए बताया कि बुरखा पहनने की वजह से परीक्षा सेंटर में एंट्री नहीं दी जा रही है. बड़ी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद 15 मिनट की देरी से छात्राएं अपना पेपर देने जा पाई थीं. छात्राओं ने स्कूल मैनेजमेंट से साफ कह दिया था कि बिना हिजाब के स्कूल में एंट्री नहीं करेंगी. भले ही अपनी परीक्षा ही क्यों ना छोड़नी पड़ जाए.
डीआईओएस ने शिक्षकों को दिए दिशा निर्देश
इस पूरे मामले को लेकर जानकारी देते हुए मुरादाबाद डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि पूरा मामला उनके संज्ञान में आया था. जिसे तुरंत बाद ही उसे सुलझाते हुए सभी शिक्षकों को निर्देशित कर दिया गया है कि आप केवल इस बात का ध्यान रखें कि कहीं नकल ना होने पाए. परीक्षार्थी किसी भी तरह के कपड़े पहनकर परीक्षा देने आ सकता है उसमें कोई भी बंदिश नहीं है. इसके अलावा मुरादाबाद के पूरे जिले में आदेश जारी किया गया है कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर छात्र-छात्रा के साथ कोई भी समस्या ना होने पाए.
108 परीक्षा केंद्र बनाए गए
आपको बता दें कि मुरादाबाद में बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर 108 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इसके साथ ही सभी पर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है. परीक्षा केंद्रों पर शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है, जिले में 17 संवेदनशील परीक्षा सेंटर भी हैं. संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगी है. इसके अलावा शिक्षा विभाग की ओर से 6 टीमें बनाई गई हैं. जो जनपद के अलग-अलग केंद्रों पर जाकर तमाम व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






