CM Yogi के सलाहकार अवनीश अवस्थी का कार्यकाल फिर से बढ़ा, जानें कब तक देंगे अपनी सेवाएं
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी का कार्यकाल एक बार फिर बढ़ गया है.
- Rishabh Chhabra
- 01 Mar, 2025
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी का कार्यकाल एक बार फिर बढ़ गया है. ये कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया है. दरअसल 2022 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें प्रशासनिक मामलों में सलाह देने के लिए यूपी सरकार में सलाहकार नियुक्त किया गया था. इस बार लगातार तीसरी बार उनके कार्यकाल का विस्तार किया गया है. अब अवनीश अवस्थी 28 फरवरी 2026 तक इस पद पर बने रहेंगे. बता दें अवनीश अवस्थी को सीएम योगी के सबसे भरोसेमंद अफसरों में से एक माना जाता है.
तीसरी बार कार्यकाल में हुआ विस्तार
सीएम योगी आदित्यनाथ के सलाहकार के रूप में अवनीश अवस्थी के कार्यकाल तीन बार विस्तार किया गया है. पहला कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें 1 मार्च 2023 से 29 फरवरी 2024 तक का सेवा विस्तार मिला था. वहीं दूसरी बार उनका कार्यकाल 1 मार्च 2024 से 28 फरवरी 2025 तक के लिए बढ़ा. अब एक बार फिर तीसरी बार उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है.
कई अहम पदों पर दे चुके अपनी सेवाएं
1987 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी यूपी में कई जिलों के जिलाधिकारी से लेकर अपर मुख्य सचिव गृह तक की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा चुके हैं. देखा जाए तो एक नौकरशाह के रूप में उनका करियर काफी शानदार रहा है. अवनीश अवस्थी ने कुछ समय तक ऊर्जा विभाग की कमान भी संभाली थी. जब योगी आदित्यनाथ साल 2017 में मुख्यमंत्री बने तो अवनीश अवस्थी केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति से लौटे थे. आईएएस अधिकारी के रूप में वह 31 अगस्त 2022 को सेवानिवृत्त हो गए थे.
साल 1987 में पास की सिविल सेवा परीक्षा
एक सफल ब्यूरोक्रेट और पिछले 3 सालों से यूपी सरकार के सलाहकार के रूप में काम कर रहे अवनीश अवस्थी ने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया है. इसके बाद साल 1987 में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास की और आईएएस अधिकारी बने. आईएएस अधिकारी के तौर पर अवनीश अवस्थी बदायूं, आजमगढ़, मेरठ, फैजाबाद, वाराणसी, ललितपुर सहित कई जिलों में अपनी सेवाए दे चुके हैं. वह सीएम योगी के गृह जनपद गोरखपुर के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं. इसके अलावा यूपीपीसीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के तौर पर भी अवनीश अवस्थी ने काम किया है. अवनीश अवस्थी, सितम्बर 2005 से जनवरी 2009 तक यूपीपीसीएल के अध्या और प्रबंध निदेशक भी रहे हैं.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






