दिल्ली में फैक्टरी के अंदर बड़ा हादसा, सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस बनी काल, तीन लोगों की गई जान

top-news
दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। एक साथी को बचाने उतरे दो अन्य मजदूर भी हादसे का शिकार बन गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। फैक्ट्री परिसर में स्थित सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तीनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका भी जताई जा रही है।


दमकल विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, दोपहर करीब 12:03 बजे ज्वाला पुरी फायर स्टेशन को मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री नंबर 93/8 में सेप्टिक टैंक के भीतर लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दो वाटर टेंडर तत्काल रवाना किए गए। रास्ते में भारी ट्रैफिक होने के कारण टिकरी फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त वाहन भी मौके पर भेजा गया। बचाव अभियान के दौरान प्रशासनिक सहायता के लिए डीडीएमए के माध्यम से एसडीएम मुंडका को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ टैंक में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तीनों मजदूरों को जीवित नहीं बचाया जा सका।


एक को बचाने उतरे दो साथी भी बने हादसे का शिकार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सबसे पहले एक मजदूर सेप्टिक टैंक में सफाई के लिए उतरा था, जहां जहरीली गैस की चपेट में आने से वह बेहोश होकर फंस गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के एक-एक कर टैंक में उतर गए। दुर्भाग्यवश वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल सके। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 38 वर्षीय अरुण, 32 वर्षीय संदीप और 42 वर्षीय चांद के रूप में हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के निवासी थे। मुंडका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *