DND फ्लाईओवर से यमुना में कूदने की मिली सूचना से मचा हड़कंप, स्कूटी और मोबाइल मिले, युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

top-news
दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से एक युवक के यमुना में छलांग लगाने की आशंका के बाद एनडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घटनास्थल से स्कूटी, मोबाइल और कपड़े बरामद हुए हैं, जबकि युवक की तलाश जारी है।

दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईओवर पर रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक के यमुना नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंच गई। फ्लाईओवर पर युवक की स्कूटी, मोबाइल फोन और कपड़े मिले हैं, जिसके बाद आशंका जताई जा रही है कि उसने नदी में छलांग लगा दी। सुबह होते ही एनडीआरएफ के गोताखोरों ने यमुना में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं, लेकिन उन्होंने फिलहाल इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ-साथ युवक की तलाश में जुटी हुई है।

सुबह से नदी में चल रहा सर्च ऑपरेशन

दमकल विभाग के अनुसार, देर रात करीब एक बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक स्कूटी सवार डीएनडी फ्लाईओवर से यमुना में कूद गया है। घटनास्थल पर पहुंची टीम को फ्लाईओवर पर स्कूटी, मोबाइल फोन और कपड़े मिले, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एनडीआरएफ को सूचना दी गई। एनडीआरएफ के अधिकारी प्रफुल कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस से घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी टीम करीब सुबह चार बजे मौके पर पहुंची और तभी से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोर नदी के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।


पूर्वी दिल्ली का रहने वाला है युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यमुना में छलांग लगाने वाले युवक की पहचान पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार निवासी अंकित शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस युवक की गतिविधियों, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *