डिनर के बहाने बुजुर्ग से दोस्ती, फिर मोबाइल चोरी कर खातों से उड़ाए 1.30 लाख, दिल्ली पुलिस ने दो युवतियों को पकड़ा

top-news
दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए 67 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी और मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी प्रोफाइल से संपर्क कर मुलाकात के बाद मोबाइल चोरी किया और बैंक खातों से 1.30 लाख रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए।

दिल्ली के साउथ-वेस्ट जिले में डेटिंग ऐप के जरिए 67 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी और मोबाइल चोरी का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने मामले में दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले फर्जी पहचान के साथ डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाई और बुजुर्ग से संपर्क किया। इसके बाद एक आरोपी की साथी ने खुद को प्रोफाइल में दिखाई गई महिला बताकर पीड़ित से मुलाकात की। मुलाकात के बाद बुजुर्ग का मोबाइल चोरी कर लिया गया और उनके बैंक खातों से बिना अनुमति रकम निकाल ली गई। पुलिस ने बैंक लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


डेटिंग ऐप पर दोस्ती, रेस्टोरेंट में मुलाकात के बाद चोरी

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को पीड़ित की डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्टोरेंट में आरोपी युवती से मुलाकात हुई थी। दोनों ने साथ में डिनर किया। इसी दौरान कथित तौर पर बुजुर्ग का मोबाइल चोरी कर लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल और उससे जुड़ी बैंकिंग जानकारी का इस्तेमाल करते हुए पीड़ित के दो बैंक खातों से करीब 1.30 लाख रुपये बिना अनुमति के यूपीआई के जरिए दूसरे खातों में भेज दिए। जब पीड़ित को अपने खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।


सीसीटीवी और बैंकिंग लेनदेन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले बैंक खातों में हुए लेनदेन की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी निगरानी और बैंकिंग लेनदेन की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच टीम आरोपियों तक पहुंच गई। ठगी की रकम में से करीब 90 हजार रुपये एटीएम के जरिए निकाले जाने की बात भी सामने आई। इसकी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिली है। गिरफ्तार युवतियों की पहचान 26 वर्षीय ज्योत्सना और 21 वर्षीय मानसी के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए मोबाइल को बाद में सबूत मिटाने के इरादे से नष्ट कर दिया गया।


दो मोबाइल बरामद, पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी की रकम कहां-कहां भेजी गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने डेटिंग ऐप पर फर्जी पहचान के जरिए पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाया था या नहीं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से डेटिंग ऐप पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सावधानी बरतने और बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *