दिल्ली में पुलिस टीम पर अचानक हमला, मिर्च पाउडर फेंककर ईंट-डंडों से पीटा, एक 17 वर्षीय नाबालिग हिरासत में

top-news
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक कार्रवाई से नाराज लोगों ने मिर्च पाउडर और ईंट-डंडों से हमला किया। तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है।

आउटर नॉर्थ जिले के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 22 अगस्त की दोपहर मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके की बताई जा रही है, जहां पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना वैध दस्तावेजों वाली एक मोटरसाइकिल मिलने पर उसे नियमों के तहत थाने लाया गया। आरोप है कि बाइक को थाने ले जाने की कार्रवाई से नाराज बाइक मालिक और उसके परिवार के साथ मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर ईंट व डंडों से हमला किया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें एक हेड कांस्टेबल के सिर में चोट आई है। पुलिस ने मौके से एक नाबालिग को पकड़ा है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


बाइक की जांच के बाद बढ़ा विवाद, पुलिसकर्मियों पर हमला

जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में पेट्रोलिंग और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक ऐसी मोटरसाइकिल मिली, जिसके जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। पुलिसकर्मियों ने नियमानुसार मोटरसाइकिल को थाने लाने की कार्रवाई की। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद बाइक मालिक अपने परिवार और कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगा। मामला इतना बढ़ गया कि लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले मिर्च पाउडर फेंका और फिर ईंट-डंडों से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया।


मदद के लिए पहुंचे पुलिसकर्मी पर भी हमला

पुलिस के अनुसार, जब हेड कांस्टेबल टीनू मौके पर मदद के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हमले में तीनों पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट बताई गई है। हालांकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से स्थिति को संभाला। मौके से एक 17 वर्षीय किशोर को पकड़ा गया, जिसे पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक बताया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।


फरार आरोपी पर पहले से दर्ज हैं पांच मामले

पुलिस ने मामले में एफआईआर संख्या 537/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों में शामिल सुनील उर्फ पंकज के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ बाकी आरोपियों की भूमिका भी जांच रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाके से उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।=

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *