क्या रोज नींबू पानी पीते हैं आप? फटाफट जान लें सही तरीका, वरना परेशानी में पड़ सकते हैं जनाब!

top-news
नींबू पानी सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसे कितने दिन पीना सही है? यह जानना बहुत जरूरी है। दरअसल आयुर्वेद और विज्ञान दोनों बताते हैं कि नींबू पानी पीने की सही मात्रा, समय और सावधानियां पता होनी चाहिए, ताकि इसका फायदा मिले और नुकसान से बचा जा सके।

नींबू पानी पीने का चलन भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ा है। गर्मी के मौसम में यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ एनर्जी भी देता है। आयुर्वेद में नींबू को आम नाशक और अग्नि दीपक माना गया है, जबकि आधुनिक चिकित्सा के अनुसार इसमें मौजूद विटामिन-सी, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। हालांकि, अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि नींबू पानी कितने दिन तक पीना चाहिए और क्या इसका रोज सेवन नुकसानदायक हो सकता है। इस बारे में आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा ने आयुर्वेदिक और वैज्ञानिक दोनों दृष्टिकोण से जरूरी जानकारी दी है।


आयुर्वेद के अनुसार नींबू पानी के फायदे
आयुर्वेद के अनुसार नींबू में आम्ल रस पाया जाता है, जो वात और कफ दोष को संतुलित करता है। इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर में जमा विषैले तत्व बाहर निकलते हैं। नींबू पानी से अपच, गैस और पेट की समस्याओं में राहत मिलती है। यह भूख बढ़ाने में सहायक होता है और त्रिदोषों के संतुलन में मदद करता है। आयुर्वेद मानता है कि सही मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर नींबू पानी शरीर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स करता है और ऊर्जा का स्तर बढ़ाता है।


नींबू पानी कितने दिन पीना चाहिए? (आयुर्वेदिक सलाह)
अगर आप सामान्य स्वास्थ्य लाभ के लिए नींबू पानी पीना चाहते हैं, तो इसे लगातार 20 से 30 दिन तक लिया जा सकता है। वजन घटाने और डिटॉक्स के उद्देश्य से इसका सेवन 15 से 21 दिन तक करना लाभकारी माना जाता है। आयुर्वेद के अनुसार एक महीने तक नियमित सेवन के बाद एक सप्ताह का ब्रेक लेना जरूरी है, ताकि शरीर में आम्लता का संतुलन बना रहे और कोई दुष्प्रभाव न हो।


वैज्ञानिक दृष्टि से नींबू पानी के लाभ
विज्ञान के अनुसार नींबू पानी इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करता है और शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा में निखार लाते हैं और किडनी स्टोन की आशंका को कम कर सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नींबू पानी रोज पिया जा सकता है, लेकिन सीमित मात्रा में। दिन में एक गिलास (200–250 ml) से अधिक नींबू पानी पीना जरूरी नहीं है। बेहतर परिणाम के लिए इसे हल्के गुनगुने पानी में मिलाकर सुबह खाली पेट या भोजन से 30 मिनट पहले पीना चाहिए।


नींबू पानी पीने का सही तरीका और सावधानियां
एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें। स्वाद के लिए थोड़ा शहद मिलाया जा सकता है। जिन लोगों को ज्यादा एसिडिटी, गैस या दांतों की संवेदनशीलता की समस्या है, उन्हें नींबू पानी का सेवन सावधानी से या विशेषज्ञ की सलाह पर करना चाहिए। ऐसे लोग हफ्ते में 3–4 दिन ही इसका सेवन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *