अच्छी नींद से स्वस्थ रहता है शरीर और दिमाग, सेहतमंद रहने के लिए कैसी नींद चाहिए.. अच्छी नींद के क्या होते हैं लक्षण? जानें सबकुछ यहां

top-news
अच्छी नींद सेहत के लिए बेहद जरूरी है। जानिए कैसे पहचानें आपकी नींद की क्वालिटी अच्छी है या खराब, और क्या हैं इसके मुख्य लक्षण।

दिनभर की भागदौड़ के बाद अगर रात में सुकून भरी नींद मिल जाए तो सुबह आप खुद को तरोताजा महसूस करते हैं। नींद सिर्फ आराम नहीं देती, बल्कि शरीर और दिमाग दोनों को रिपेयर करने का काम करती है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि आपकी नींद की क्वालिटी कैसी है। कई बार लोग 7-8 घंटे सोने के बाद भी थका हुआ महसूस करते हैं, जबकि कुछ लोग कम समय की नींद में भी एनर्जेटिक रहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छी नींद का मतलब सिर्फ ज्यादा देर सोना नहीं, बल्कि नींद के हर चरण से सही तरीके से गुजरना होता है। अगर आप हल्की, गहरी और आरईएम नींद के संतुलन में सोते हैं, तभी आपकी नींद पूरी तरह से असरदार मानी जाती है और इसका सीधा असर आपकी सेहत और मानसिक स्थिति पर पड़ता है।


अच्छी नींद क्या है और कैसे काम करती है

डॉक्टरों के मुताबिक नींद के दौरान दिमाग अलग-अलग चरणों से गुजरता है, जिसमें हल्की नींद, गहरी नींद और आरईएम नींद शामिल हैं। गहरी और आरईएम नींद शरीर और दिमाग के लिए सबसे ज्यादा जरूरी होती है। अच्छी नींद वही मानी जाती है, जिसमें कुल समय का लगभग 20 से 25 प्रतिशत हिस्सा इन दोनों चरणों में बिताया जाए। इसका फायदा यह होता है कि शरीर को पूरी तरह आराम मिलता है और दिमाग भी तरोताजा रहता है। जो लोग अच्छी नींद लेते हैं, वे आमतौर पर दिनभर एक्टिव रहते हैं और उनका ध्यान भी बेहतर बना रहता है। वहीं खराब नींद लेने वालों में थकान, चिड़चिड़ापन और काम में फोकस की कमी देखने को मिलती है।


कैसे पहचानें कि आपकी नींद अच्छी है

अगर आपको बिस्तर पर जाने के 30 मिनट के भीतर नींद आ जाती है और आप पूरी रात बिना ज्यादा जागे सोते रहते हैं, तो यह अच्छी नींद का संकेत है। बीच में उठने के बाद भी अगर 20 मिनट के अंदर फिर से नींद आ जाए, तो यह और बेहतर माना जाता है। सुबह उठते समय अगर आप खुद को फ्रेश और ऊर्जावान महसूस करते हैं, तो समझिए आपकी नींद सही है। इसके अलावा अगर दिनभर एक्टिव रहने के लिए आपको बार-बार चाय या कॉफी की जरूरत नहीं पड़ती, तो यह भी अच्छी नींद का एक संकेत है।


खराब नींद के लक्षण और क्या करें

अगर आपको सोने में 30 मिनट से ज्यादा समय लगता है या रात में बार-बार नींद टूटती है, तो यह खराब नींद का संकेत हो सकता है। ऐसे में सुबह उठते ही थकान महसूस होती है और दिनभर सुस्ती बनी रहती है। कई बार ध्यान लगाने और चीजें याद रखने में भी दिक्कत होती है। विशेषज्ञों के अनुसार रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद जरूरी है। अगर इसके बाद भी शरीर तरोताजा महसूस नहीं करता, तो अपनी दिनचर्या में बदलाव करना जरूरी है। समय पर सोना, मोबाइल का कम इस्तेमाल करना और शांत माहौल बनाना अच्छी नींद के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *