अगर आप के शरीर में भी बार-बार होती है खुजली तो हो सकती है इस विटामिन की कमी, अभी जानें राहत के लिए उपाय
- Shiv Kumar
- 13 May, 2026
शरीर में कभी-कभी हल्की खुजली होना आम बात मानी जाती है। पसीना, धूल, त्वचा का सूखापन या मौसम बदलने की वजह से भी खुजली हो सकती है। लेकिन अगर खुजली लगातार बनी रहे और हालत ऐसी हो जाए कि रात में नींद लेना, आराम से बैठना या काम करना मुश्किल लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार खुजली सिर्फ त्वचा की समस्या नहीं होती, बल्कि शरीर के अंदर चल रही किसी कमी या बीमारी का संकेत भी हो सकती है। आमतौर पर लोग इसे लिवर की परेशानी से जोड़ते हैं, लेकिन शरीर में कुछ जरूरी विटामिन की कमी भी इसकी बड़ी वजह बन सकती है।
इन विटामिन की कमी से बढ़ सकती है खुजली
आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर में विटामिन ए की कमी होने पर त्वचा काफी ज्यादा रूखी और बेजान हो जाती है। त्वचा में नमी कम होने की वजह से खुजली शुरू हो सकती है। वहीं विटामिन बी12 की कमी होने पर हाथ-पैरों में खुजली के साथ रैशेज और जलन जैसी परेशानी भी बढ़ सकती है। इसके अलावा विटामिन बी3, जिसे नियासिन भी कहा जाता है, उसकी कमी होने पर त्वचा पर दाने, लालपन और घाव जैसी दिक्कतें देखने को मिल सकती हैं। कई मामलों में विटामिन सी और विटामिन ई की कमी भी त्वचा को कमजोर बना देती है, जिससे खुजली की समस्या बढ़ जाती है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार खुजली होने पर जांच जरूर करानी चाहिए, ताकि सही कारण का पता लगाया जा सके।
लिवर, एलर्जी और इंफेक्शन भी हो सकते हैं कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर शरीर में लंबे समय तक तेज खुजली बनी रहती है तो इसके पीछे लिवर की खराब कार्यप्रणाली भी हो सकती है। शरीर में बाइल्स का संतुलन बिगड़ने पर त्वचा पर खुजली बढ़ सकती है। कई बार किसी खाद्य पदार्थ, दवा या धूल-मिट्टी से एलर्जी होने पर भी यह समस्या सामने आती है। फंगल इंफेक्शन, त्वचा संक्रमण और गंदगी की वजह से भी खुजली हो सकती है। ऐसे में बिना वजह बार-बार खुजलाने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना ज्यादा जरूरी माना जाता है।
घरेलू उपायों से मिल सकती है राहत
खुजली से राहत पाने के लिए घर में कैलामाइन लोशन रखा जा सकता है। इसे लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और खुजली शांत होती है। अगर खुजली के साथ सूजन या लालपन हो गया हो तो बर्फ की सिकाई भी आराम दे सकती है। इसके अलावा नारियल तेल, लैवेंडर ऑयल, पेपरमिंट ऑयल और यूकेलिप्टस तेल लगाने से भी त्वचा को राहत मिलती है। ये तेल त्वचा को ठंडक देने के साथ जलन और सूजन कम करने में मददगार माने जाते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






