आज रात शुरू होगा Google I/O 2026, AI से लेकर Android 17 तक हो सकते हैं बड़े एलान
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
टेक दुनिया के सबसे बड़े इवेंट्स में शामिल गूगल का एनुअल डेवलपर इवेंट गूगल I/O 2026 आज रात शुरू होने जा रहा है। भारतीय समयानुसार यह कार्यक्रम रात करीब 10:30 बजे आयोजित होगा। हर साल की तरह इस बार भी दुनियाभर की नजरें गूगल के सीईओ सुन्दर पिचाई पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि इस बार का पूरा इवेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के इर्द-गिर्द केंद्रित रहेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी कई बड़े टेक्नोलॉजी अपडेट और नए प्रोडक्ट्स की घोषणा कर सकती है। खासतौर पर जेमिनी एआई, एंड्रॉइड 17 और स्मार्ट ग्लासेस को लेकर यूजर्स में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार गूगल एआई की रेस में अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश करेगा।
Gemini AI और नए AI एजेंट पर रहेगा फोकस
रिपोर्ट्स के मुताबिक गूगल अपने एआई मॉडल जेमिनी का नया और ज्यादा एडवांस वर्जन पेश कर सकता है। कहा जा रहा है कि नया जेमिनी टेक्स्ट, फोटो, वीडियो, ऑडियो और कोड को एक साथ समझने और प्रोसेस करने में सक्षम होगा। इसके अलावा कंपनी ‘रेमी’ नाम का नया एआई एजेंट भी लॉन्च कर सकती है। यह फीचर यूजर्स की ओर से ईमेल रिप्लाई करने, मीटिंग शेड्यूल करने और कई ऑटोमैटिक काम संभालने में मदद करेगा। माना जा रहा है कि गूगल इस बार एआई को रोजमर्रा की जिंदगी में और ज्यादा उपयोगी बनाने पर फोकस करेगा। यही वजह है कि इवेंट से पहले सोशल मीडिया और टेक इंडस्ट्री में इन फीचर्स को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
Android 17, Aluminum OS और स्मार्ट ग्लासेस पर भी नजर
गूगल I/O 2026 में कंपनी अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉइड 17 से जुड़े फीचर्स का भी ऐलान कर सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार एंड्रॉइड 17 में जेमिनी एआई का इंटीग्रेशन स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और कार सिस्टम में पहले से ज्यादा बेहतर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही कंपनी नए डेस्कटॉप प्लेटफॉर्म एल्यूमिनियम ओएस को भी पेश कर सकती है, जिसे एंड्रॉइड और क्रोम ओएस का कॉम्बिनेशन बताया जा रहा है। इसमें एंड्रॉइड ऐप्स और मल्टी-विंडो सपोर्ट को बेहतर बनाने पर काम किया गया है। वहीं इवेंट में एंड्रॉइड XR प्लेटफॉर्म और एआईबेस्ड स्मार्ट ग्लासेस को लेकर भी बड़े एलान संभव हैं। कहा जा रहा है कि गूगल ने इसके लिए कई फैशन और टेक कंपनियों के साथ साझेदारी भी की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






