एसी के साथ पंखा चलाना फायदेमंद है या नुकसानदायक? जानिए बेहतर कूलिंग और कम बिजली बिल के लिए क्या है सही तरीका
- Shiv Kumar
- 08 Jun, 2026
गर्मियों में तेज गर्मी से राहत पाने के लिए ज्यादातर लोग एसी का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस या उससे भी कम पर सेट कर देते हैं। हालांकि ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि एसी के साथ सीलिंग फैन चलाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। इससे कमरे में ठंडी हवा समान रूप से फैलती है, कूलिंग बेहतर महसूस होती है और बिजली की खपत भी कम की जा सकती है। सही तरीके से एसी और पंखे का उपयोग करने पर उपभोक्ता हर महीने अच्छी-खासी बचत कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए किसी अतिरिक्त उपकरण की जरूरत नहीं होती, बल्कि घर में मौजूद साधारण सीलिंग फैन ही यह काम कर सकता है।
पंखा तापमान नहीं, ठंडक का एहसास बढ़ाता है
अक्सर लोगों को लगता है कि पंखा कमरे का तापमान कम कर देता है, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं होता। पंखा हवा का प्रवाह बढ़ाकर शरीर से निकलने वाले पसीने के वाष्पीकरण को तेज करता है। इससे शरीर की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है और व्यक्ति को वास्तविक तापमान से लगभग 2 डिग्री अधिक ठंडक महसूस हो सकती है। जब एसी की ठंडी हवा पूरे कमरे में समान रूप से फैलती है तो कमरा ज्यादा आरामदायक महसूस होता है। इसके कारण एसी का थर्मोस्टेट जल्दी निर्धारित तापमान तक पहुंच जाता है और कंप्रेसर को कम समय तक चलना पड़ता है। यही वजह है कि विशेषज्ञ एसी के साथ पंखा चलाने की सलाह देते हैं।
तापमान बढ़ाकर कम किया जा सकता है बिजली खर्च
विशेषज्ञों के अनुसार यदि पंखा चल रहा हो तो एसी का तापमान 18 डिग्री की बजाय 21 या 22 डिग्री पर भी रखा जा सकता है और फिर भी समान ठंडक महसूस होती है। माना जाता है कि एसी का तापमान हर 1 डिग्री बढ़ाने पर बिजली खर्च में लगभग 4 से 8 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। उदाहरण के तौर पर यदि कोई एसी रोजाना 8 घंटे चलता है और करीब 1500 वाट बिजली खर्च करता है तो महीने में बिजली का खर्च लगभग 2,880 रुपये तक पहुंच सकता है। वहीं पंखे के साथ तापमान 3 डिग्री बढ़ाने पर एसी की खपत 12 से 24 प्रतिशत तक कम हो सकती है, जिससे सैकड़ों रुपये की बचत संभव है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
विशेषज्ञों का कहना है कि खाली कमरे में पंखा चलाने का कोई फायदा नहीं होता क्योंकि पंखा कमरे को नहीं बल्कि व्यक्ति को ठंडक महसूस कराता है। इसलिए कमरे में कोई न हो तो पंखा बंद कर देना चाहिए। गर्मियों में सीलिंग फैन को काउंटरक्लॉकवाइज दिशा में घूमना चाहिए ताकि हवा सीधे नीचे आए और बेहतर कूलिंग मिले। इसके अलावा एसी के फिल्टर और पंखे के ब्लेड्स की नियमित सफाई भी जरूरी है। धूल जमा होने से दोनों उपकरणों की कार्यक्षमता कम हो जाती है और बिजली की खपत बढ़ सकती है। सही रखरखाव और समझदारी से उपयोग करने पर गर्मियों में आराम के साथ बिजली बिल में भी अच्छी बचत की जा सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






