Meta ने लॉन्च किया AI Business Agent, बिक्री बढ़ाने से लेकर बुकिंग तक करेगा काम

top-news
मुंबई में हुए बिजनेस समिट में मेटा ने WhatsApp Business के लिए नया AI एजेंट लॉन्च किया। यह टूल ग्राहक सवालों का जवाब दे, प्रोडक्ट सुझाए और अपॉइंटमेंट बुक करेगा। साथ ही बड़े एंटरप्राइज के लिए कस्टम AI प्लेटफॉर्म भी पेश किया गया।

Meta ने WhatsApp Business ऐप के लिए नया AI Business Agent लॉन्च किया है, जो कारोबारियों के लिए ग्राहक सेवा और बिक्री प्रबंधन को पहले से कहीं अधिक आसान बनाएगा। कंपनी ने इस फीचर की घोषणा मुंबई में आयोजित WhatsApp Business Summit के दौरान की। नया AI एजेंट ग्राहकों के सवालों का तुरंत जवाब देने, प्रोडक्ट सुझाने, अपॉइंटमेंट बुक करने और बिक्री बढ़ाने जैसे कई काम अपने आप कर सकेगा।

AI एजेंट करेगा कई काम एक साथ

Meta के मुताबिक नया AI Business Agent ग्राहक के फ्री-टेक्स्ट संदेशों को समझकर स्वचालित रूप से जवाब दे सकेगा। यह ग्राहकों को प्रोडक्ट रिकमेंड करेगा, अपॉइंटमेंट बुक करेगा, लीड्स को क्वालिफाई करेगा और जरूरत पड़ने पर ऑर्डर से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराएगा। यदि कोई चैट छूट जाती है, तो AI उसका सारांश तैयार करेगा और महत्वपूर्ण जानकारियां निकालकर कारोबारियों को बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा।

CRM और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से होगा इंटीग्रेशन

कंपनी ने बताया कि यह AI एजेंट Shopify, Zendesk और Shopee जैसे लोकप्रिय बिजनेस प्लेटफॉर्म के साथ आसानी से इंटीग्रेट किया जा सकेगा। इसके जरिए कारोबारियों को अपने मौजूदा CRM और ऑर्डर मैनेजमेंट सिस्टम से लाइव डेटा मिलेगा, जिससे ग्राहक सेवा और संचालन दोनों अधिक प्रभावी होंगे।

बड़े कारोबारियों के लिए Meta Business Agent Platform

Meta ने बड़े एंटरप्राइज के लिए Meta Business Agent Platform भी लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार AI एजेंट तैयार और कस्टमाइज कर सकेंगी। इसका उद्देश्य बड़े व्यवसायों को ग्राहक सेवा, बिक्री और बिजनेस ऑटोमेशन में अधिक लचीलापन देना है।

यूजर्स को भी मिलेंगे नए फीचर्स

Meta ने यह भी घोषणा की कि आने वाले महीनों में WhatsApp यूजर्स ऐप के Search सेक्शन में सीधे किसी बिजनेस का नाम खोज सकेंगे। इसके अलावा पसंदीदा बिजनेस कॉन्टैक्ट को परिवार और दोस्तों के साथ आसानी से शेयर करने का विकल्प भी मिलेगा। कंपनी का कहना है कि इन नए फीचर्स से ग्राहकों और कारोबारियों के बीच संवाद पहले से अधिक तेज, आसान और प्रभावी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *