Paytm का नया धमाका! अब दोस्तों के साथ खर्च बांटना होगा आसान, Paytm ने लॉन्च किया नया Split Bills फीचर
Paytm ने नया Split Bills फीचर पेश किया है, जिससे ग्रुप खर्चों को एक ही जगह ट्रैक, बांट और सेटल किया जा सकेगा। यह फीचर खासकर ट्रिप, डिनर, फिल्म और कॉलेज ग्रुप्स के लिए उपयोगी बताया जा रहा है।
- Babli Ansari
- 29 Jul, 2026
डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Paytm ने अपने यूजर्स के लिए नया 'Split Bills' फीचर लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो दोस्तों, परिवार या सहकर्मियों के साथ यात्रा, पार्टी, रेस्टोरेंट या अन्य ग्रुप खर्च साझा करते हैं। अब यूजर्स एक ही जगह पूरे ग्रुप का खर्च रिकॉर्ड कर सकेंगे और किसने कितना भुगतान करना है, इसका पूरा हिसाब आसानी से देख पाएंगे। कंपनी का दावा है कि यह सुविधा पूरी तरह फ्री है और इसमें खर्च जोड़ने की कोई सीमा नहीं होगी।
कई तरीकों से कर सकेंगे बिल का बंटवारा
Paytm के नए फीचर में यूजर्स खर्च को बराबर हिस्सों, सटीक राशि, शेयर के आधार पर या प्रतिशत के हिसाब से भी बांट सकते हैं। इसके अलावा यदि किसी ने नकद, कार्ड या किसी दूसरे UPI ऐप से भुगतान किया है, तो उसे भी रिकॉर्ड में जोड़ा जा सकता है। ऐप ग्रुप का पूरा सारांश दिखाएगा, जिसमें कुल खर्च, प्रत्येक सदस्य का हिस्सा, बकाया राशि और हाल की गतिविधियां दिखाई देंगी। इससे बार-बार हिसाब लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
UPI से तुरंत होगा सेटलमेंट
Paytm ने इस फीचर को सीधे अपने UPI सिस्टम से जोड़ा है। यदि किसी सदस्य को भुगतान करना है तो ऐप में पहले से राशि और प्राप्तकर्ता की जानकारी भरकर UPI पेमेंट का विकल्प मिल जाएगा। वहीं यदि भुगतान किसी अन्य माध्यम से किया गया है, तो उसे भी 'Paid' के रूप में मार्क किया जा सकेगा। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य दोस्तों के बीच पैसे के लेन-देन को आसान और पारदर्शी बनाना है।
युवा यूजर्स पर Paytm का बड़ा दांव
कंपनी के अनुसार यह फीचर खासतौर पर कॉलेज स्टूडेंट्स, युवा प्रोफेशनल्स और ट्रैवल ग्रुप्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। Paytm का मानना है कि लोग यादें बनाएं, हिसाब-किताब में समय बर्बाद न करें। इसी सोच के साथ कंपनी अपने ऐप को सिर्फ पेमेंट प्लेटफॉर्म नहीं बल्कि 'फाइनेंशियल लाइफ ऐप' के रूप में विकसित कर रही है। Split Bills फीचर के साथ Paytm ने एक बार फिर डिजिटल पेमेंट और मनी मैनेजमेंट को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






