ग्रेटर नोएडा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही! तेज आंधी में सड़क पर गिरा ट्रांसफार्मर, बिजली आपूर्ति ठप
- Shiv Kumar
- 29 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। तेज आंधी के दौरान बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक ऊपर से नीचे गिर गया। घटना के समय आसपास से लोग गुजर रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। ट्रांसफार्मर गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि यदि उस समय नीचे अधिक आवाजाही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली आपूर्ति हुई ठप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज हवा और आंधी के बीच अचानक ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया, जिससे आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने मौके पर लोगों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम को बुलाया गया, ताकि लाइन को सुरक्षित कर ट्रांसफार्मर हटाने का काम शुरू किया जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर और बिजली उपकरणों की समय-समय पर जांच नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर की समय रहते जांच और रखरखाव किया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों और खंभों की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल विभाग की टीम बिजली आपूर्ति बहाल करने और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को हटाने में जुटी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






